जिले में बनी बाढ़ की स्थितियां, डॉक्टर महेश शर्मा ने किसानों को दिया मुआवजे का आश्वासन

टेन न्यूज नेटवर्क

गौतम बुद्ध नगर, 15 जुलाई: गौतम बुद्ध नगर जिले में कई जगह बाढ़ के हालात बने हुए हैं। बाढ़ की वजह से लोगों को अनेकों समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जेवर विधानसभा क्षेत्र के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया, जहां पर किसानों के खेत पानी से जलमग्न हो गए। पशु पालन करने वाले लोगों के पशु भी इस पानी में फंस गए। तमाम लोगों के फंसने की खबर भी सामने आई है। जेवर के 8 से 10 गांव में बाढ़ की स्थिति अभी भी बनी हुई है।

इस विषय में गौतम बुद्ध नगर के लोकप्रिय सांसद डॉ महेश शर्मा ने कहा कि “इस प्राकृतिक आपदा में हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेहद चिंतित हैं। गौतम बुद्ध नगर के एक बड़े हिस्से में काफी किलोमीटर तक पानी ही पानी देखने को मिल रहा है। किसानों के लिए यह उनके हृदय पर सांप लोटने जैसी स्थिति बन रही है। किसान के लिए उसकी धरती मां होती है। हम सभी जनप्रतिनिधियों को सरकार की तरफ से यहां जाने के लिए कहा गया इसलिए सभी जनप्रतिनिधि समेत पुलिस अधिकारी और प्रशासन अधिकारी भी बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए कार्यरत हैं।”

वे आगे कहते हैं कि “जो लोग अभी पानी में फंसे हुए हैं और जिनके पास पशु पानी में फंसे हुए हैं उन सभी को निकालने का कार्य किया जा रहा है। 2000 से अधिक लोगों को बाढ़ के पानी से निकाला गया है और उन्हें स्कूलों में रहने की जगह दी गई ह। साथ ही साथ उनकी सामान्य जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। सभी सामाजिक संस्थाएं भी राहत से जुड़े हुए कई कार्य कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि किसानों के द्वारा फसल के लिए जिस खाद-बीज का पैसा लगाया गया था, वह भी बर्बाद हो गया है। इसकी चिंताएं ग्रामीणों के चेहरों पर देखने को मिल रही हैं परंतु मैंने उन्हें आश्वासन दिलाया है कि सरकार इसमें उनकी सहायता अवश्य करेगी। फसलों के नुकसान का निरीक्षण कर मुआवजे की बात भी की जाएगी।

बाढ़ से प्रभावित गांव जीवन बांगर और गोविंदगढ़ आदि जगहों का दौरा डॉक्टर महेश शर्मा द्वारा किया गया और वहां के क्षेत्रवासियों से मिलकर उनकी समस्याओं और स्थानीय प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा भी उनके द्वारा की गई।

Share