राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (11/10/2022): सोमवार, 10 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया और उनके निधन पर सभी देशवासियों में शोक की लहर है। सभी मुलायम सिंह यादव को याद कर उनके निधन पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकाकुल परिवार एवं समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। आगे उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदायी है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश शासन तथा प्रदेशवासियों की ओर से मुलायम सिंह यादव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके निधन से समाजवाद के एक प्रमुख स्तम्भ एवं एक संघर्षशील युग का अंत हुआ है। वह एक जुझारू नेता थे। समाजवादी विचारधारा से जुडे़ एक महत्वपूर्ण स्तम्भ थे। संघर्षों से तपे बढे़, प्रदेश की राजनीति के पांच दशक तक केन्द्र बिन्दु रहे। स्व0 मुलायम सिंह यादव ने देश व प्रदेश की राजनीति में लम्बे समय तक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। प्रदेश विधान सभा तथा विधान परिषद में लम्बे समय तक प्रतिनिधित्व किया। साथ ही स्व0 यादव ने तीन बार प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अपना नेतृत्व प्रदान किया। संसद में सात बार प्रतिनिधित्व करने के साथ ही केन्द्रीय रक्षा मंत्री के रूप में देश की उल्लेखनीय सेवा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Share