के. वी. वर्ल्ड स्कूल के वार्षिक महोत्सव में नौनिहालों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का अद्भुत प्रयास

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (15 अक्टूबर 2023): शनिवार, 14 अक्टूबर को के. वी. वर्ल्ड स्कूल, ग्रेटर नोएडा ने अपना वार्षिक समारोह ईशान इंस्टीट्यूट आडिटोरियम में धूमधाम से मनाया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह और वरिष्ठ अतिथि के रूप में गोस्वामी सुशील महाराज उपस्थित रहे।

 

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि वैदिक काल से लेकर आज तक हिन्दुस्तान की संस्कृति हमेशा संस्कारमान रही है। यहां ऐसे संस्कारी पुरुष पैदा हुए हैं। संस्कारों का सीख लेना है तो रामायण में देखें। भारत संस्कारों की जननी है, भारत ने दुनिया को शांति, एकता और भाईचारे का संदेश दिया है। साथ ही “वसुधैव कुटुंबकम्” की धारणा जिसका पूरी दुनिया में प्रतिपादन हिंदुस्तान से हुआ। भारत का इतिहास टटोलेंगे तो देखेंगे कि गौतम बुद्ध ने राजपाट त्याग करुणा, दया, अहिंसा और शांति का संदेश पूरी दुनिया में प्रतिपादित किया और प्रचार प्रसार किया। हमारे देश की विभिन्न संस्कृतियों ने पूरी दुनिया में हिंदुस्तान का डंका बजाया। और यह वह हिंदुस्तान है जिसे पहले कभी सोने की चिड़िया कहा जाता था। आज हिंदुस्तान हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उसी संस्कृति का पुनर्स्थापना कर रहा है जहां भारतीय संस्कृति पूरी दुनिया के सामने आ रही है। आगे उन्होंने कहा कि मेरे प्यारे-प्यारे बच्चों भारत की संस्कृति से सीख लें। हमारे देश की संस्कृति का ज्ञान ले और आप जाने की संस्कार क्या होते हैं? माता-पिता का हमें क्या आदर करना चाहिए? मां-बाप की किस तरह से हमें सेवा करनी चाहिए। आप लोगों को यह जरूर आना चाहिए। यह जो मां-बाप की सेवा की भावना है यह एक दिन आपको बहुत आगे भविष्य में लेकर जाएगी। मैं अंत में यही कहना चाहूंगा कि अपने माता-पिता का सम्मान करें अपने देश की संस्कृति का सम्मान करें। अपने देश की संस्कृति को अपने हृदय में आत्मसात कर राष्ट्र और मातृभूमि के लिए सामाजिक कर्तव्यों का जरूर निर्वहन करें।

गोस्वामी सुशील महाराज ने कहा कि बच्चों को संस्कारों और संस्कृति से जोड़ना बहुत जरूरी है। हमेशा हमारा प्रयास होना चाहिए कि बच्चों को अच्छे संस्कार दिए जाएं ताकि वह राष्ट्रहित में अपना योगदान दे सकें और साथ ही बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी जोड़ना बहुत आवश्यक है ताकि उनको अपनी संस्कृति का ज्ञान हो। आगे उन्होंने मंच से धार्मिक रामलीला में सभी को देखने आने का आमंत्रण भी दिया।

के. वी. वर्ल्ड स्कूल के डायरेक्टर डॉक्टर हिमांशु राणा ने कहा कि हमारा स्कूल हमेशा बच्चों को संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का काम करता है। इस बार वार्षिक समारोह 2023 का भी नाम हमने संस्कार दिया है। और साथ ही इस बार के वार्षिक समारोह 2023 में बच्चों ने भारत की विभिन्न विधाओं पर कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

संस्कार वार्षिक समारोह में के. वी. वर्ल्ड स्कूल के नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के बच्चों ने कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। जिसमें भारत के विभिन्न संस्कृतियों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और बच्चों ने कार्यक्रम द्वारा सभी अभिभावकों और श्रोताओं का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हाल गूंज उठा।।

Share