सीएम योगी का युवाओं को बड़ा तोहफा, यूपी कांस्टेबल भर्ती की आयु सीमा में मिली छूट

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (27 दिसंबर 2023): उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती होने वाले महिलाओं और पुरुषों से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बता दें कि मंगलवार को उत्तर प्रदेश सरकार ने एक आदेश जारी कर भर्ती होने वाले महिलाओं और पुरुषों की आयु सीमा में 3 वर्ष की बढ़ोतरी की। इस मामले पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में जनपद गौतमबुद्ध नगर के जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और जनपद बुलन्दशहर के अनुपशहर विधान सभा क्षेत्र के विधायक संजय शर्मा ने शिष्टाचार भेंट की और जिसके बाद मुख्यमंत्री ने यूपी पुलिस में भर्ती होने की आयु सीमा में तीन साल की बढ़ोतरी की। वहीं इस खबर के सामने आने के बाद प्रदेश पुलिस में भर्ती होने वाले बच्चों में खुशी का माहौल है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश शासन द्वारा आरक्षी ना0 पु0 के पदों पर भर्ती 2023 के अंतर्गत सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट प्रदान की गई है। जिसके बाद युवकों की आयु 22 साल तथा युवतियों के लिए आयु सीमा 25 साल निर्धारित की गई है। अधिकृत सूचना के लिए बोर्ड की वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं।

जेवर विधायक ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर लिखा कि प्रदेश के नौजवानों को मिलेगा उनका हक। माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरा आश्वासन दिया। शीघ्र असंख्य नौजवानों को उत्तर प्रदेश पुलिस की कांस्टेबल की भर्ती में उम्र सीमा में मिलेगी छूट। मेरे साथ अनूपशहर विधायक संजय शर्मा ने मंगलवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर की नौजवानों की पुरज़ोर वकालत। #CMUP ने मौके पर ही प्रमुख सचिव गृह और @dgpup को नौजवानों के हित में निर्णय लिए जाने के दिए निर्देश।

आगे लिखा कि “उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल की निकाली गई भर्तियां, उन असंख्य नौजवानों से सम्बन्धित है, जिनके माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इसलिए प्राकृतिक आपदाओं और प्रशासनिक स्तर पर देरी का नुकसान नौजवानों को न भुगतना पड़े।”

Share