दर्जनों मामलों में फरार चल रहे आरोपी को बिसरख पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान किया गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (12 दिसंबर 2023): बीती रात थाना बिसरख पुलिस ने दर्जनों मामले में फरार चल रहे आरोपी बदमाश को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने पर घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा हृदेश कठेरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार, 11 दिसंबर की रात को थाना बिसरख पुलिस ने खैरपुर गोल चक्कर से एसीई सिटी के तरफ जाने वाले रास्ते पर संधिग्ध लोगों की चैकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि एक संधिग्ध और फरार चल रहे आरोपी यहां से गुजर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने संधिग्ध स्कूटी को रोकने का प्रयास किया लेकिन आरोपी ने नही रोका और एसीई सिटी के तरफ तेजी से भागने लगा।

आगे एडीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम ने आरोपी का पीछा किया, तब आरोपी ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। जिसमें पुलिस पार्टी ने आत्मरक्षार्थ के लिए फायरिंग की और आरोपी ललित पुत्र प्रीतम निवासी ग्राम खिरवा जलालपुर थाना सरधना जिला मेरठ उम्र 25 वर्ष पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया और पुलिस ने बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घायल बदमाश के कब्जे से 01 अवैध तमंचा-कारतूस और एक चोरी की स्कूटी बरामद की गयी है।

बता दें आरोपी थाना बादलपुर में एक गैंगस्टर एक्ट मामले में फरार चल रहा था। बरामद स्कूटी के सम्बन्ध में जानकारी मिली कि स्कूटी को आरोपी ने दिल्ली से चोरी किया था। जिसके सम्बन्ध में पुलिस स्टेशन एम.वी. थेफ्ट दिल्ली पर एफआईआर दर्ज हुई है। मुठभेड में घायल हुए आरोपी के खिलाफ दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है।।

Share