गौतमबुद्ध नगर वासियों को जाम से जल्द मिलेगी मुक्ति, जेवर विधायक का मास्टर प्लान

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (03 दिसंबर 2023): गौतमबुद्ध नगर जनपद अपनी पहचान वैश्विक पटल पर बना रही है। जिले में औद्योगिक हब होने के कारण जनपद की आबादी व्यापक रूप से बढ़ रही है। बढ़ती आबादी से जाम की समस्या और वायु गुणवत्ता की समस्या में भी बढ़ोतरी हो रही है। इन तमाम समस्याओं से निजात पाने के लिए जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने जिले के तीनों प्राधिकरणों के द्वारा संयुक्त रूप से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था लागू करने के लिए उत्तर प्रदेश शासन के आयुक्त औद्योगिक एवं अवस्थापना मनोज कुमार सिंह से मुलाकात की।

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने अपने “एक्स” अकाउंट से ट्वीट कर लिखा कि गौतमबुद्धनगर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त किया जाना अत्यन्त आवश्यक है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को जनपद में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था लागू करवाए जाने के लिए उत्तर प्रदेश शासन के आयुक्त औद्योगिक एवं अवस्थापना मनोज कुमार सिंह से मिलकर शीघ्र समाधान की दिशा में बढ़ने के लिए हुई वार्ता।

गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना प्राधिकरण‌ को संयुक्त रूप से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लागू करने से ही जाम की समस्या व लगातार खराब हो रही वायु गुणवत्ता की समस्या से निजात मिल सकती हैं।।

Share