राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव बने

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (20/08/2023): राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर को मिली बड़ी जिम्मेदारी। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया है। यह खबर सामने आने के बाद पूरे गौतमबुद्ध नगर जिले में खुशी का माहौल है। आज भाजपा के राष्ट्रीय सचिव बने राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर के सम्मान में ग्रेटर नोएडा के पाई -1 में स्थित रामलीला मैदान में स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। जिसमें हजारों लोगों के जुटने की संभावना है।

आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में जीत हासिल करने के लिए सभी पार्टियां एवं कार्यकर्ता जोरशोर से जुट गए हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने कमर कस ली है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 में जीत हासिल करने के लिए उन नेताओं को तवज्जो दिया है जिनका अपने क्षेत्र में जनाधार है। गौतमबुद्ध नगर जनपद के निवासी एवं राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर को पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। सांसद सुरेंद्र सिंह नागर की मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ बुलंदशहर, सहारनपुर, बागपत और गौतमबुद्ध नगर जिले में अच्छी पकड़ है साथ ही गुर्जर समाज का वोट बैंक उनके साथ है।

बता दें कि राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष भी रहे हैं और अब उनको भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। जिसके बाद बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।।

Share