‘इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2023’ का शुभारंभ | हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, IHE एवं एक्सपो मार्ट से प्रभावित

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (03 अगस्त 2023): ग्रेटर नोएडा के मशहूर इंडिया एक्सपो मार्ट में चार दिवसीय ‘6th इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2023’ का सफल आगाज हुआ। 2 अगस्त से 5 अगस्त तक चलने वाले इस एक्सपो की सफल शुरुआत बुधवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, हिमाचल प्रदेश टूरिज्म निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली, हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना सहित कई गणमान्य हस्तियों की उपस्थिति में हुई। सभी गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर इस भव्य आयोजन का शुभारंभ किया।

आपको बता दें कि इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो का ये छठा संस्करण है। यह पूरा एक्सपो धर्म, आध्यात्म और प्राचीनता को समेटे हुए हिमालय की गोद में बसे देवभूमि हिमाचल प्रदेश पर आधारित है। इस एक्सपो के जरिए हिमाचल प्रदेश की सभ्यता, संस्कृति, पर्यटन, प्राचीनता, धार्मिकता, एवं दिन प्रतिदिन एक नए पथ पर अग्रसर नवाचार को व्यापक फलक प्रदान करने का सफल और शानदार प्रयास किया गया है।

इस अवसर पर इस आयोजन के मुख्य अतिथि एवं हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि “पर्यटन के क्षेत्र में विश्व में सबसे अधिक निवेश हिमाचल प्रदेश में होने जा रहा है। हमारे पास स्विटजरलैंड से अधिक पहाड़ों से ढकी भूमि है। कांगड़ा वैली को हमने टूरिज्म राजधानी का नाम दिया है, लोग दूसरे देश घूमने जाते हैं जबकि अपने देश में इतनी विविधता है हिमाचल प्रदेश में लैंड फॉरेस्ट है, पहाड़ की चोटियां है।” आगे मुख्यमंत्री ने कहा कि “किसी भी टूरिज्म इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए सबसे पहले संरचनात्मक विकास करना होगा। कांगड़ा एयरपोर्ट के लिए हमने कार्य शुरू कर दिया है। सभी डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर को हेलीपॉड से जोड़ने का निर्णय लिया है।”

सीएम ने आगे कहा कि पर्यटन के लिए हमें सबकुछ ध्यान में रखना होगा “बच्चों को क्या मिलनी चाहिए, यंग कपल को क्या चाहिए और वृद्ध लोगों की क्या आवश्यकता है।” मुख्यमंत्री सुक्खू ने आगे कहा कि “अतिथि देवो भव: का यदि कोई प्रदेश सबसे प्रमुख उदाहरण है तो वो हिमाचल प्रदेश है। हम आपदा की घड़ी में लोगों के बीच पहुंचे, तकरीबन 48 घंटे में हमने 70 हजार लोगों को उन स्थानों से निकाला जो आपदा प्रभावित थे। मंत्री से मुख्यमंत्री तक सब सड़कों पर थे। हमने तत्काल उन सभी चीजों को जोड़कर पर्यटकों को बाहर निकाला, आपदा के समय एक भी जगह से ऐसी खबरें नहीं आई कि जहां किसी ने पर्यटकों से अधिक पैसे लिए हों, हमाचली अपने पर्यटकों को संभालकर रखते हैं।”

कई योजनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि “आगामी तीन वर्षों में सभी बसें, गाड़ियां सब इलेक्ट्रिक हो जाएगी। हमें ग्रीन हाइड्रोजन और ग्रीन हाइड्रो प्रोजेक्ट की तरफ आगे बढ़ना पड़ेगा। ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश पूरे विश्व में सबसे आगे कार्य कर रहा है। धरातल पर इन कार्यों को लाने में कुछ वक्त लगेगा लेकिन हमारा यह उद्देश्य है कि ग्रीन हिमाचल और ग्रीन एनर्जी के रूप में हमारा विकास हो। हम अपनी प्राचीनता अपनी संस्कृति और भौगोलिक स्थिति के साथ हिमाचल का विकास करना चाहते हैं।

अपने संबोधन के आखिरी में उन्होंने कहा कि हिमाचल में निवेश का सबसे सही समय यही है। ये गलत धारण फैलाई गई है कि हिमाचल में आप जमीन नहीं खरीद सकते, हिमाचल में कोई भी जमीन खरीद सकता है बस सरकार से एक अनुमति लेनी पड़ेगी।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश टूरिज्म निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली ने अपने संबोधन में कहा कि ” हमें बुलाने के लिए धन्यवाद आपका ये इनिसिएटिव दुनिया देख रही है।” हिमाचल प्रदेश पर्यटन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “हिमाचल प्रदेश एक ऐसा टूरिज्म का स्थल है,एक ऐसा राज्य है जो पर्यटन के लिए जाना जाता है। यहां झीलें, मिट्टी के पहाड़, स्टोन के पहाड़ अलग अलग वैलियो के अलग अलग भौगोलिक ढांचा है। हिमाचल प्रदेश के भीतर वहां की मूल आबादी से अधिक पर्यटक आते हैं। हिमाचल प्रदेश को जो देश में सबसे आगे बनाया है वह है पीस और सेफ। आज मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि देश में सबसे सुरक्षित राज्य हिमाचल प्रदेश है। आज भी वहां चिड़िया की चहचहाहट, मेढ़क के आवाज , भेड़, झीलों की आवाजे मिल जाएंगे आज भी आपको जुगनू मिल जाएंगे, विश्व के बताने की जरूरत है कि हिमाचल शांत और सुरक्षित राज्य है यहां निवेश कीजिए।”

कई विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए बाली ने कहा कि “आज ढाई हजार करोड़ का निवेश हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे हैं। हम हिमाचल के भीतर देश का सबसे बड़ा फाउंटेन बनाने जा रहे हैं। मॉडर्न इंडिया का सबसे बेहतरीन जू सफारी जू 600 करोड़ की लागत से बनने जा रहे हैं।” हिमाचल प्रदेश में आई त्रासदी का जिक्र करते हुए बाली ने कहा कि “कई दशकों में पहली बार ये हुआ कि हिमाचल प्रदेश में बादल फटे, ये कहीं हो सकता है लेकिन पूरा हिमाचल खुला है और पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है। हमलोग फूल वॉयलेंस फ्री स्टेट हैं और 99 फीसदी हिंदू स्टेट हैं।”

इस अवसर पर मंच से अपने संबोधन में हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने कहा कि ” इंडिया एक्सपो मार्ट से मैं 20 वर्षों से जुड़ा हूं, आज विश्व में इंडिया एक्सपो मार्ट का अपना अलग नाम है। इसके विकास को मैंने दूर से देखा है। यह कन्वेशन सेंटर केवल व्यापारियों का ही केंद्र नहीं है बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बैठकों का भी सेंटर है। इसका निर्माण देश के छोटे व्यापारियों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने के लिए हुआ। हिमाचल पर्यटन पर अपनी बात रखते हुए मुख्य सचिव सक्सेना ने कहा कि ” मुख्यमंत्री जी और रघुवीर सिंह बाली जी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश टूरिज्म एक नया आयाम गढ़ेगा।”

वहीं इस अवसर पर इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ राकेश कुमार ने टेन न्यूज से खास बातचीत में कहा कि “मुझे इस बात की खुशी है कि आज छठे इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो में मुख्य अतिथि के तौर पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जी पधारे हैं।माननीय मुख्यमंत्री जी ने कन्वेंशन सेंटर का पूरी तरह से जायजा लिया। नए मुख्यमंत्री बनने के नाते व्यक्ति हमेशा अपने राज्य के लिए कुछ नया तलाश करता है और इसी तलाश में वो आए थे। आगामी वर्षों में इंडिया एक्सपो सेंटर एवम मार्ट हिमाचल प्रदेश में सरकार के साथ मिल कर एक नया प्रयास करेगा और वहां कुछ नए माइलस्टोन को भी स्थापित करेंगे। ”

साथ ही उन्होंने कहा कि,” हिमाचल का इको टूरिज्म वहां के लिए बहुत अच्छी चीज है। वहां तो कुछ चीजों में इन्वेस्ट करने की जरूरत नहीं है जैसे वहां की जलवायु ,पानी , वायु और धरती। हिमाचल प्रदेश में जो त्रासदी हुई उसे बहुत अच्छी तरीके से मुख्यमंत्री ने संभाला । सोशल मीडिया , मीडिया में यह दावा किया गया कि त्रासदी बहुत बड़े स्तर पर है मगर सिर्फ 2 जिले में ज्यादा त्रासदी हुई थी। बाकी के जिलों में ज्यादा प्रभाव नहीं था। हिमाचल प्रदेश पूरी तरह से सुरक्षित प्रदेश है । सरकार ने अच्छे कदम उठाए हैं, त्रासदी से टूरिज्म पर कोई प्रभाव नहीं करना चाहिए। हिमाचल प्रदेश आने वाले समय में टूरिस्ट के लिए बहुत सुरक्षित प्रदेश है।”

आपको बता दें कि 2 अगस्त से 5 अगस्त तक इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में ‘ इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2023’ का आयोजन होने जा रहा है। बुधवार को इस एक्सपो का शानदार आगाज हुआ।।

Share