UPSC CSE Result 2022: ग्रेटर नोएडा की इशिता किशोर ने IAS की परीक्षा में टॉप किया, टॉप पांच में दो नाम शामिल

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (23 मई 2023): UPSC CSE 2022 का परिणाम जारी होने के बाद जनपद समेत पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है। गौतमबुद्ध नगर की बेटियों ने इतिहास रच दिया है।

ग्रेटर नोएडा की इशिता ने रचा इतिहास

मंगलवार को संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के CSE अर्थात् सिविल सर्विसेज एग्जामिनेशन का परिणाम आया। इस परीक्षा में ग्रेटर नोएडा की जलवायु विहार की इशिता किशोर ने पहला स्थान हासिल किया है। ग्रेटर नोएडा की इशिता किशोर ने देश भर में पहला रैंक हासिल किया है।

टॉप पांच में गौतमबुद्ध नगर की दो बेटियां

UPSC CSE 2022 का परिणाम गौतमबुद्ध नगर जनपद के लिए काफी खास है। गौतमबुद्ध नगर के इतिहास में पहली बार इस परीक्षा का टॉपर मिला है और टॉप पांच में दो नाम गौतमबुद्ध नगर की बेटियों के हैं। मैरिट ऑर्डर में चौथे स्थान पर नोएडा शहर की स्मृति मिश्रा का नाम है।

कुल 933 अभ्यर्थियों ने हासिल की सफलता

संघ लोक सेवा आयोग ने मंगलवार को दोपहर बाद भारतीय प्रशासनिक सेवा परीक्षा का परिणाम घोषित किया है। जिसके तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा, भारतीय विदेश सेवा, भारतीय पुलिस सेवा और अन्य केंद्रीय सेवा के परिणाम घोषित किए गए हैं। जिसमें कुल 933 अभ्यर्थियों को सफलता मिली जिसमें 345 अभ्यर्थी सामान्य वर्ग के हैं, 99 अभ्यर्थी इकनॉमिक वीकर्स सेक्शन से हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग के 263, अनुसूचित जातियों के 154, अनुसूचित जनजातियों के 72 युवक और युवतियां सफल घोषित किए गए हैं। लोक सेवा आयोग के 178 अभ्यर्थियों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है।

सीएम ने सभी अभ्यर्थियों को दी बधाई

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए ट्वीट किया है। सीएम ने लिखा है “UPSC की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा-2022 में सफल सभी अभ्यर्थियों को बहुत-बहुत बधाई!

पूर्ण विश्वास है कि आप सभी ‘Nation First’ की भावना, अटूट कर्तव्यनिष्ठा व पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देंगे।

आप सभी के उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं!”

Share