गोरखपुर में सीएम ने डाला वोट, कहा- मतदान आपका अधिकार भी है और कर्तव्य भी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (04 मई 2023): बृहस्पतिवार, 4 मई को उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में मतदान शुरू हो गया है। बता दें कि प्रथम चरण में आज उत्तर प्रदेश के 9 मंडलों के 37 जिलों में मतदान की प्रक्रिया जारी है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निकाय चुनाव-2023 के लिए गोरखपुर में वोट डाला है।

उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्विट कर लिखा कि “आज नगर निकाय चुनाव-2023 के लिए गोरखपुर में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान हमारा अधिकार होने के साथ ही प्रमुख कर्तव्य भी है। अपने नगर निकाय को और अधिक सशक्त करने के लिए आप भी मतदान अवश्य करें।”

आगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा कि” उत्तर प्रदेश के नगर निकाय के प्रथम चरण के चुनाव में आज 37 जनपदों में प्रातः 07 बजे से मतदान हो रहा है।
नगर निकाय चुनाव-2023 नगरीय क्षेत्र के विकास एवं इसकी बुनियादी सुविधाओं के साथ ही प्रदेश के बारे में देश और दुनिया की धारणा को बदलने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। सकारात्मक सोच की डबल इंजन सरकार का सहयोग करने वाले नगर निकाय के चुनाव में अपना मतदान अवश्य करें। याद रखिए, मतदान आपका अधिकार भी है और कर्तव्य भी।”

आज उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में 37 जिलों में मतदान हो रहा है। यह प्रक्रिया सुबह 7:00 बजे से शुरू हो गई है और शाम 6:00 बजे तक चलेगी। उत्तर प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में मतदान की प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण व स्वतंत्र के साथ की जा रही है। प्रथम चरण में उत्तर प्रदेश के 10 नगर निगमों के अध्यक्ष और 820 पार्षद, 103 नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, 2740 नगर पालिका परिषद सदस्य, 257 नगर पंचायत अध्यक्ष और 3645 नगर पालिका सदस्यों के किस्मत का फैसला होगा।

उत्तर प्रदेश में हो रहे नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में 37 जिलों में शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, जालौन, ललितपुर, फिरोजाबाद, आगरा, मथुरा, मैनपुरी, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, आगरा, झांसी, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, उन्नाव, हरदोई, लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, गोरखपुर देवरिया महाराजगंज, कुशीनगर, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर आदि जिले शामिल हैं।।

Share