दादरी में जगन्नाथ शोभा यात्रा के दौरान हुआ बड़ा हादसा, दो लोग गंभीर रूप से घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (28/02/2023): ग्रेटर नोएडा के दादरी में जगन्नाथ शोभा यात्रा के दौरान पटाखा विस्फोट के कारण यात्रा में आगे चल रही ई रिक्शा में भीषण आग लग गई। ई रिक्शा में आतिशबाज़ी का अन्य सामान भी रखा हुआ था। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने बताया कि सोमवार, 27 फरवरी को ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्रान्तर्गत कस्बा दादरी में जगन्नाथ शोभा यात्रा परंपरागत रूप से निकल रही थी। यात्रा के दौरान आतिशबाजी हो रही थी। इसी आतिशबाजी में एक पटाखा आगे आगे चल रहे ई रिक्शा पर जा गिरा, जिससे ई रिक्शा में आग लग गई।

इस घटना में दो व्यक्ति सलमान पुत्र पप्पू निवासी दादरी (आतिश बाजी करने वाला) व पप्पू पुत्र शीशपाल निवासी नरौली थाना जारचा (आतिश बाजी रखे ई रिक्शे का चालक) दोनो घायल हो गया है, जिनको इलाज हेतु हॉस्पिटल भेजा गया है। अन्य विधिक कार्यवाही की जा रही है।।

Share