संयुक्त सचिव, भारत सरकार एवं गौतमबुद्धनगर के नोडल अधिकारी ने जिले में भू-जल संरक्षण एवं अन्य पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हो रहे कार्यों का किया निरीक्षण

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा ( 08/07/2022): केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी कार्यक्रम ‘जल शक्ति अभियान’ के तहत ‘कैच द रैन’ नारे को सफल बनाने एवं जल शक्ति अभियान के अंतर्गत जनपद में संचालित हो रही गतिविधियों को मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाने तथा जनपद में इस उद्देश्य को लेकर हुए अच्छे कार्य की सक्सेस स्टोरी बनाए जाने के उद्देश्य से संयुक्त सचिव हैवी इंडस्ट्रीज मंत्रालय भारत सरकार एवं सेंट्रल नोडल ऑफिसर जनपद गौतम बुद्ध नगर तथा उनकी टीम के अधिकारियों द्वारा बृहस्पतिवार को जनपद में गहन निरीक्षण करते हुए जल शक्ति अभियान से संबंधित जनपद में संचालित हो रही गतिविधियों में गतिशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से स्थल निरीक्षण किया गया।

इस दौरान संयुक्त सचिव की अध्यक्षता में विकास भवन के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक की गई।अध्यक्षता करते हुए संयुक्त सचिव ने कहा कि भारत सरकार का यह बहुत ही महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है।

जिसके माध्यम से भू-जल को संरक्षित करने एवं पानी के दुरुपयोग को रोकने के लिए जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत 75 तालाब अमृत सरोवर बनाए जाने के उद्देश्य से चयनित किए गए हैं, चयनित सभी तालाबों का कार्य नवंबर माह तक आवश्यक रूप से पूरा करने की कार्यवाही सुनिश्चित कर ली जाए।

उन्होंने कहा कि यह कार्य सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। अतः सभी संबंधित अधिकारियों का दायित्व और अधिक बढ़ जाता है। समस्त संबंधित अधिकारीगण जल शक्ति अभियान से जुड़े हुए सभी कार्यक्रमों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने के साथ-साथ अपने अपने स्तर पर बड़े बड़े जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित करें, ताकि ग्राउंड वाटर को संरक्षित करने के साथ-साथ पानी के दुरुपयोग को रोकने की दिशा में भी जनपद में अच्छे प्रयास सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने जल शक्ति अभियान से जुड़े हुए जनपद में संचालित हो रहे कार्यक्रमों की गहन समीक्षा में पाया कि सभी प्राधिकरण के अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के द्वारा अच्छे प्रयास सुनिश्चित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर जनपद उत्तर प्रदेश के लिए फेस के रूप में काम करता है।

जनपद में जो अच्छे कार्यक्रम जल शक्ति अभियान को लेकर पूर्ण किए जा रहे हैं, उनकी सक्सेस स्टोरी बनाकर भारत सरकार के पोर्टल पर पोस्ट की जाएं ताकि भारत के अन्य प्रदेश एवं जनपद गौतम बुद्ध नगर के मॉडल के आधार पर अपने-अपने जनपदों में इस अभियान को लेकर गतिविधियां संचालित कर सकें।

इस अवसर पर सहायक अभियंता लघु सिंचाई हिमांशु गौतम ने पीपीटी के माध्यम से संयुक्त सचिव को जनपद में किए जा रहे प्रयासों के संबंध में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई।

संयुक्त सचिव के द्वारा जल शक्ति अभियान को लेकर जनपद में किए गए अच्छे प्रयासों की बैठक में सराहना की गई। बैठक में डीएफओ पीके श्रीवास्तव ने जनपद में संचालित किए जा रहे वृक्षारोपण के संबंध में विस्तार परक जानकारी उपलब्ध कराते हुए कहा कि वर्तमान तक 90% से अधिक लक्ष्य की प्राप्ति कर ली गई है।

आयोजित महत्वपूर्ण बैठक का संचालन मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र के द्वारा किया गया। उन्होंने इस अवसर पर संयुक्त सचिव को आश्वस्त किया कि जल शक्ति से जुड़े हुए कार्यक्रम को जनपद में सफल बनाने के उद्देश्य से संयुक्त सचिव के द्वारा जो निर्देश दिए गए हैं उनका संबंधित अधिकारियों के माध्यम से अक्षरसः पालन सुनिश्चित कराते हुए सभी कार्यों को समय पर पूरा कराने की कार्यवाही की जाएगी।

इससे पूर्व संयुक्त सचिव के द्वारा सेक्टर 51 नोएडा में इन सीटू वेटलैंड, सेक्टर 91 में वेटलैंड एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग का स्थल निरीक्षण भी किया गया।

संयुक्त सचिव की टीम द्वारा बैठक के उपरांत ग्राम पंचायत सैंथली में पहुंच कर वृक्षारोपण कार्यक्रम, स्वच्छ भारत मिशन, श्रमदान अमृत सरोवर, सोक पिट उपरांत नोएडा के सेक्टर 54 में वेटलैंड, सेक्टर 33 में वेटलैंड एवं अक्रियाशील बोरिंग का निरीक्षण किया गया।

Share