मुजरा पार्टी कराने वाले दो होटल संचालक, 5 लड़कियों सहित 36 लोग गिरफ़्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (07/01/2022):- थाना बीटा-2 क्षेत्र के सेक्टर सिग्मा वन स्थित एक गेस्ट हाउस में बुधवार रात नाइट कर्फ्यू के दौरान मुजरा पार्टी हो रही थी। पुलिस ने मुजरा पार्टी कराने वाले दो होटल संचालक समेत मुजरा/देह व्यापार में शामिल 05 लड़कियों सहित 36 लोगों को गिरफ्तार किया। इनमें एक विदेशी लड़की और पार्टी कराने वाले दो लोग भी शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के कब्जे से चार वॉकी-टॉकी सेट, 30 मोबाइल फोन, ₹1,30,500/- नकद, 08 गाड़ियां, शराब की बोतलें व अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुए।

पुलिस ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के सेक्टर सिगमा में अवैध रूप से चल रहे होटल में एक पेंट कंपनी के द्वारा पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें कंपनी का पेंट बेचने वाले दुकानदार व अन्य डीलर आदि लोग शामिल थे। लेकिन इस पार्टी में खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। इसमें अनैतिक देह व्यापार के लिए लड़कियों को बुलाया गया था। इनमें दो लड़कियां डांसर थी, जबकि दो लड़कियां देह व्यापार में शामिल थीं। एक लड़की इनकी लीडर थी। पुलिस ने बताया कि इनमें दो लड़कियां ओयो होटल से भेजी गई थीं। पुलिस मौके पर पहुंची तो पार्टी में डांस (मुजरा) चल रहा था। डांस कर रही एक लड़की के ऊपर नोट उड़ाए जा रहे थे। इसके अलावा यह पार्टी अवैध रूप से आयोजित की गई थी। जांच में पता चला कि आयोजक ने हर व्यक्ति से मुजरा पार्टी में प्रवेश के नाम पर एक हजार रूपये लिए थे। पार्टी के दौरान शराब भी परोसी जा रही थी।

ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी विशाल पांडे ने बताया कि बुधवार की रात बीटा दो कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार राजपूत को नाइट कर्फ्यू के दौरान सेक्टर सिग्मा बने एक होटल में मुजरा पार्टी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस होटल पहुंची। पुलिस के तीन पुलिसकर्मियों को मुजरा पार्टी में बिना वर्दी के भेजा गया।

ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मुजरा पार्टी का वीडियो बना लिया और अधिकारी को भेज दिया। साक्ष्य के तौर पर विडियो मिलने पर भारी संख्या ने पुलिस बल ने होटल में छापा मारा तो बेसमेंट में डांस पार्टी चल रही थी। पार्टी में शामिल होने आए लोगों द्वारा डांस करने वाली लड़कियों के ऊपर पैसे उड़ाए जा रहे थे। पुलिस ने छापेमारी कर पांच लड़कियों समेत 36 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इस मामले में पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन करने और अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

Share