यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के युवा बनेंगे इंटरनेशनल खिलाड़ी, क्षेत्र में जल्द बनेंगे खेल के मैदान

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (07 दिसंबर 2023): यमुना प्राधिकरण के क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए खेल के मैदान विकसित किए जाने की खबर सामने आई है।‌ आज हमारा देश खेल के क्षेत्र में विश्व पटल पर अपनी एक नई पहचान स्थापित कर रहा है। आज हमारे देश के खिलाड़ी खेलों में जीत हासिल कर भारत का डंका पूरे विश्व में बजा रहे हैं। बता दें कि जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए जेवर और दनकौर क्षेत्र में कम से कम 2-2 खेल के मैदान विकसित करने के लिए यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुण वीर सिंह को प्रस्ताव सौंपा है। वही सीईओ डॉ अरुण वीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को जमीनों का चिन्हांकन करने के आदेश दिए हैं।

जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर लिखा कि खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए जेवर और दनकौर क्षेत्र में सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की मुहिम की दिशा में यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुण वीर सिंह को प्रस्ताव सौंपा है। जिसमें जेवर और दनकौर क्षेत्र में कम से कम 02-02 खेल के मैदान विकसित किए जाएंगे और जहां बच्चों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनके लिए जमीनों का चिन्हांकन भी शीघ्र कराया जाएगा।

यमुना प्राधिकरण के क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल स्कूल (जेवर एयरपोर्ट), मेडिकल डिवाइस पार्क, ट्राय पार्क जैसी बड़े-बड़े औद्योगिक और शिक्षा संस्थानों के स्थापित होने से क्षेत्र की मांग बढ़ रही है। ऐसे में क्षेत्र के जेवर और दनकौर क्षेत्र में कम से कम 02-02 खेल के मैदान विकसित होने से क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए उपयोगी साबित होगा।।

Share