यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे के जुड़ने से यमुना सिटी के सेक्टरों को मिलेगा लाभ

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (22 नवंबर 2023): यमुना प्राधिकरण के क्षेत्र में काफी तेज रफ्तार से विकास हो रहा है। क्षेत्र में व्यापक विकास को देखते हुए लोग आकर्षित हो रहे हैं। जिसको देखते हुए यमुना प्राधिकरण ने बड़ा फैसला लिया है कि अब यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए जगनपुर अफजलपुर के पास बनने वाले इंटरचेंज से यमुना सिटी के सेक्टरों को भी जोड़ा जाएगा। इसके लिए 60 मीटर और 30 मीटर चौड़ी सर्विस रोड पर उतार-चढ़ाव के लिए रास्ते बनाए जाएंगे। इस काम पर लगभग 59 करोड़ रुपये खर्च होंगे। साथ ही इसके अलावा दोनों एक्सप्रेसवे को जोड़ने में करीब 122 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

जानकारी के लिए बता दें कि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के ग्रेटर नोएडा के जगनपुर अफजलपुर के पास यमुना एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए इंटरचेंज बनना है। साल 2018 में इसको बनाने के लिए एक कंपनी को 75 करोड़ रुपए में ठेका दिया गया था। किसानों की मांगों के चलते काम नहीं शुरू हो पाया। लेकिन अब काम शुरू होने की उम्मीद है।अब इसके निर्माण पर.122.89 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके निर्माण में सबसे अधिक हिस्सेदारी एनएचएआई को देनी है। एनएचएआई ने इसकी हामी भर दी है।।

Share