चंद्रयान -3 में गौतमबुद्ध नगर के लाल का अहम योगदान, जानकर आप भी होंगे गौरवान्वित

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (26 अगस्त 2023): चंद्रयान -3 की सफलता के बाद पूरे विश्व में हिंदुस्तान की वाहवाही हो रही है। लोग ISRO एवं भारत को खूब बधाई दे रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस मिशन में गौतमबुद्ध नगर के लाल का अहम योगदान है।

दरअसल, गौतमबुद्ध नगर के जेवर तहसील के रौनीजा गांव निवासी डॉ सुदेश भाटी का अहम योगदान है। चंद्रयान -3 की सफलता और गौतमबुद्ध नगर के सुदेश की भूमिका पर पूरे क्षेत्र के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं।

बता दें कि डॉ सुदेश भाटी इसरो में सीनियर साइंटिस्ट हैं। उनका जन्म गौतमबुद्ध नगर के रौनेजा गांव में हुआ था। वर्तमान में उनका पूरा परिवार गभाना तहसील के नूरपुर गांव में रहता है। मीडिया से बात करते हुए डॉ भाटी ने बताया कि वह चंद्रयान मिशन में रोवर बनाने वाली टीम का हिस्सा थे। वह डेढ़ वर्षों से इस मिशन में लगे हुए थे।

इसरो छोड़ने का कर लिया था फैसला

मीडिया से बातचीत में डॉ सुदेश भाटी ने बताया कि एक वक्त में उन्होंने इसरो छोड़ने का फैसला कर लिया था जब उनके परिजनों को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा परेशान किया जा रहा था। लेकिन प्रशासन ने उनका पूरा सहयोग किया और फिर उनका मन बदल गया। आज जब पूरा देश चंद्रयान की सफलता पर खुशी मना रहा है तो ऐसे में उन्हें अपने फैसले पर गर्व है।।

Share