हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु MSME Association एवं NEA संगठन के साथ हुई बैठक

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (24/07/2022): हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाये जाने के उद्देश्य से उप श्रम आयुक्त गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में एमएसएमई एसोसिएशन एवं एनईए संगठन के साथ हुई बैठक।

सहायक श्रम आयुक्त एवं उप श्रम आयुक्त गौतमबुद्धनगर सुभाष चन्द्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा दिनांक 11.08.2022 से 17.08.2022 तक पूरे प्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किये जाने के निर्देश दिये गये है।

उक्त कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए उप श्रम आयुक्त गौतमबुद्धनगर धर्मेन्द्र कुमार सिंह द्वारा दिनांक 22.07.2022 को एमएसएमई‌ एसोसिएशन एवं दिनांक 23.07.2022 को एनईए संगठन के साथ बैठक की गई।

उन्होंने बताया कि बैठक में उपस्थित सेवायोजक संगठन के पदाधिकारियों से उप श्रम आयुक्त द्वारा अपील की गई कि हर घर तिरंगा कार्यक्रम को सफल बनाये जाने के लिए संगठन से जुड़े समस्त प्रतिष्ठानों के सेवायोजकों को प्रतिष्ठान स्तर पर तिरंगा फहराये जाने का कार्यक्रम आयोजित करने का अनुरोध किया जाए एवं श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा जारी विभिन्न हितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाये।

उप श्रम आयुक्त द्वारा यह भी अपील की गई कि सेवायोजक संगठन अपने सभी सदस्यों/पदाधिकारियों को इस के लिए निर्देशित करें कि उनके अधीनस्थ प्रतिष्ठान स्वामी अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों को तिरंगा झण्डा फहराये जाने के लिए जागरूकता के माध्यम से प्रेरित करें, साथ ही प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों को इस के लिए भी जागरूक किया जाए कि वह अपने घरों एवं घरों के आस-पास के आवासीय क्षेत्र में तिरंगा झण्डा फहराये। जिससे आजादी के अमृत महोत्सव के कार्यक्रम को वृहद स्तर पर सफल बनाया जा सके।

Share