ग्रेटर नोएडा में पलटी सोनीपत पुलिस की गाड़ी, दो की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (25/05/2023): आज दिन निकलते ही यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। आज गुरूवार को थाना खरखोदा जनपद सोनीपत पुलिस की टीम सोनीपत से कुछ दिनों से गायब लड़की और आरोपी की छत्तीसगढ़ से बरामदगी कर यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते वापस हरियाणा जा रही थी। जब गाड़ी दनकौर क्षेत्रान्तर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंची तो ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिया। गाड़ी की तेज रफ्तार होनी के कारण गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई और बडा हादसा हो गया। हादसे में सोनीपत महिला कांस्टेबल और चालक की मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आज 25 मई को थाना खरखोदा जनपद सोनीपत हरियाणा से एएसआई वेदपाल सिंह, एएसआई वीरपाल सिंह व महिला हेड कांस्टेबल बबीता थाना खरखोदा पर पंजीकृत मुकदमा में लड़की की बरामदगी के लिए अर्टिगा गाड़ी एचआर 79 डी 8035 से छत्तीसगढ़ से लडकी व आरोपी डाक्टर को लेकर, लड़की के पिता रामनरेश उम्र 50 वर्ष, उल्फत पुत्र नेपाल सिंह उम्र 53 वर्ष के साथ जिला शक्ति छत्तीसगढ़ से वापस खरखौदा हरियाणा जा रहे थेे। तभी थाना दनकौर क्षेत्रान्तर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर प्रातः लगभग 5ः30 बजे ड्राइवर द्वारा इमरजेंसी ब्रेक लगाने के कारण अनियंत्रित होकर गाड़ी एक्सप्रेसवे पर ही पलट गई। जिसमें एएसआई वेदपाल सिंह, एएसआई वीरपाल सिंह, हैंड कांस्टेबल बबीता, ड्राइवर प्रदीप, लड़की के पिता रामनरेश व अन्य परिजन गंभीर रूप से घायल हो गये‌। उनको तत्काल कैलाश अस्पताल ग्रेटर नोएडा में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने महिला हेड कांस्टेबल बबीता व ड्राइवर प्रदीप निवासी गोपालपुर थाना खरखोदा जनपद सोनीपत को मृत घोषित कर दिया है। अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।।

Share