बकाएदार बिल्डरों पर गौतमबुद्ध नगर प्रशासन करेगी सख्त कार्रवाई, समय से पैसा नहीं देने पर होगी मुनादी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (07/04/2023): मनीष कुमार वर्मा गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी बनने के बाद से ही एक्शन मोड में हैं। जिलाधिकारी ने बिल्डरों पर नकेल कसने की पूरी तैयारी कर ली है। गुरूवार, 6 अप्रैल को गौतमबुद्ध नगर के नवनियुक्त जिला अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने रेरा से संबंधित बायर्स और बिल्डर की समस्याओं पर आम नागरिकों को राहत दिलाने के गहनता से चर्चा की। साथ ही बड़े बकायेदार बिल्डरों की लिस्ट भी जारी की। रेरा की तरफ से रिकवरी आरसी जारी हुई है। उनमें प्रभावी तरीके से कार्रवाई हम लोग कर रहे है। साथ ही जो डिफॉल्टर बिल्डर्स है उन तक यह मैसेज जाए कि जिला प्रशासन बहुत सख्त है और जिला प्रशासन जिन आम आदमी की गाढ़ी कमाई इन लोगों ( बिल्डर्स ) ने फंसा रखी है उसको वापस दिलाने के लिए प्रशासन पूरी तरह कटिबद्ध है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि मई 2018 से यूपी रेरा बिल्डरों के खिलाफ आरसी जारी कर रहा है। जिसमें रेरा की तरफ से जिला प्रशासन को 4,571 आरसी मिली है जो कि 1,728 करोड़ रूपये की है। जिसमें 344 करोड़ रूपये की 724 आरसी में बिल्डर्स और वायर्स के समझौता हुआ है। वहीं 777 करोड़ की 781 आरसी को एनसीएलटी के कारण वापस कर दी गई है। जिला प्रशासन ने अब तक बिल्डरों से 365 करोड़ रूपये की वसूली भी कर चुका है। वहीं सदर तहसील में 28 बिल्डरों की 129 करोड़ रूपये की 380 आरसी है जबकि दादरी तहसील में 487 करोड़ की 1,325 आरसी हैं।

आगे जिलाधिकारी ने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कई नामी बिल्डर पर बकाया है। जिसमें सबसे बड़ा नाम नोएडा के वेव मेगासिटी सेंटर का है, जिसपर 80.55 करोड़ धनराशि बकाया है। लाॅजिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर पर 34.57 करोड़ बकाया है। सुपरटेक टाउनशिप प्रोजेक्ट पर 33.56 करोड़ बकाया है। रूद्रा बिल्डवेल होम्स पर 49.81 करोड़ बकाया है।‌काॅसमाॅस इंफ्राएस्टेट पर 26.71 करोड़ बकाया है। महागुन इंडिया पर 19.97 करोड़ बकाया है। अजनारा रियलटेक पर 15.41 करोड रुपए बकाया है। जयप्रकाश एसोसिएट्स पर 15.32 करोड पर बकाया है। पार्श्वनाथ डेवलपर्स पर 13.39 करोड़ पर बकाया है। फ्यूनर वर्ल्ड ग्रीन होम्स पर 12.44 करोड रुपए बकाया है।

आगे जिलाधिकारी ने बताया कि वहीं ग्रेटर नोएडा के बिल्डर में ग्रीनवे/ऑरिस इंफ्रास्ट्रक्चर 17.63 करोड़ रुपए बकाया है। सिक्का इंफ्रास्ट्रक्चर 13.38 करोड़ रुपए बकाया है। किंडल इंफ्रास्ट्रक्चर पर 8.64 करोड़ बकाया है। इम्पीरिया स्ट्रक्चर पर 9.41 करोड़ बकाया है। सनवर्ड सिटी पर 5.46 करोड़ बकाया है। पार्श्वनाथ डेवलपर्स पर 4.99 करोड़ बकाया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर 4.10 करोड़ बकाया है। न्यूटेक प्रोमोटर्स एंड डेवलपर्स पर 3.79 करोड़ बकाया है। साॅलिटेयर रियल इंफ्रा पर 3.32 करोड़ बकाया है वहीं वर्धमान इंफ्रा डेवलपर्स पर 3.04 पर करोड़ बकाया है।

साथ ही जिलाधिकारी ने बिल्डरों को चेतावनी देते हुए कहा कि बिल्डर बकाया समय पर दें। नहीं तो जिला प्रशासन उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। साथ ही बकाएदार बिल्डरों के घर और आफिस के बाहर नोटिस चस्पा जाएगा और मुनादी के द्वारा उनके बकाएदार होने की जानकारी उनके पड़ोस और आफिस के आसपास कराई जाएगी।

Share