धरने की तैयारी में भारतीय किसान यूनियन, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (19/10/2022): गौतम बुद्ध नगर के भाकियू के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समस्त किसान एवं मजदूर भाइयों ने 14 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2022 तक भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले जीरो प्वाइंट के नीचे धरना देकर गौतम बुद्ध नगर के किसानों एवं मजदूरों की लड़ाई को मजबूती के साथ लड़ी।

पवन खटाना अध्यक्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश भारतीय किसान यूनियन ने कहा कि आने वाले 7 नवंबर तक का समय दिया गया है जिसमें सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, किसान एवं मजदूर भाई गौतमबुद्ध नगर के सभी गांवों में जा जाकर उनकी समस्याओं के लिए जन जागरण अभियान चलाएंगे।

साथ ही गौतम बुध नगर के समस्त किसानों को 64.7% अतिरिक्त मुआवजा व 10% आवासीय भूखंड किसानों की पुश्तैनी आबादियां 2013 की भूमि अधिग्रहण के तहत समस्त गौतमबुद्ध नगर में किसानों को चार गुना मुआवजा देने और किसानों के बच्चों को रोजगार उपलब्ध कराने व एयरपोर्ट से प्रभावित विस्थापित गांवों को सभी सुविधा मुहैया कराना आदि मामलों को लेकर 7 नवंबर 2022 दिन सोमवार को पुनः उसी स्थान पर जीरो प्वाइंट ग्रेटर नोएडा यमुना एक्सप्रेसवे के नीचे एकत्रित होकर तीनों प्राधिकरण के सीईओ गौतम बुध नगर के जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के साथ अपनी समस्याओं का समाधान कराएंगे।

सुनील प्रधान मीडिया प्रभारी भारतीय किसान यूनियन ने बताया कि अगर हमारी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पंचायत को धरने में तब्दील किया जाएगा और कल से हमने फिर उसी पावन भूमि जहां से 14 अक्टूबर की पंचायत का दिन निश्चित किया गया था, भट्टा पारसौल, रनेहरा, जेवर से महापंचायत की शुरुआत कर दी है।

Share