अवैध अड्डे को चलाने वाला चीनी नागरिक गिरफ्तार, हाथ लगी कई खौफनाक जानकारी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (14/07/2022): ग्रेटर नोएडा के घरबरा गांव स्थित चीनी नागरिकों के अवैध अड्डे को संचालित करने में शामिल चीनी नागरिक जॉनसन उर्फ हिझुआंग को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को बुधवार सुबह इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र से पकड़ा गया। अवैध अड्डे का एग्रीमेंट भी जॉनसन के नाम पर था।

जॉनसन पूर्व में जेल गए सु फाइ का पार्टनर भी है। बॉर्डर पर पकड़े गए चीनी नागरिक भी जानसन के संपर्क में थे। उसकी भूमिका हवाला कारोबार में रकम चीन भेजने में भी मिली है। जांच एजेंसी ने इस गम्भीर मामले में बेहद बारीकी से कदम आगे बढ़ा रही है। ताकि किसी प्रकार की कोई चूक की गुंजाइश न रहे।

जानसन पिछले 4 साल से अवैध रूप से भारत में नाम बदलकर रह रहा था। उसका बीजा वर्ष 2018 में ही समाप्त हो गया था।

बता दें कि 11 जून को नेपाल बॉर्डर पर बिहार के सीतामढ़ी क्षेत्र में एसएसबी ने दो चीनी नागरिक लु लैंग व यूं हेलंग को बिना वीजा के पकड़ा था। दोनों 18 दिनों तक ग्रेटर नोएडा के घरबरा गांव स्थित चीनी नागरिकों के अवैध शराब के अड्डे और जेपी ग्रीन सोसाइटी में रह रहे थे। दोनों चीनी नागरिकों की भारत में पनाह चीनी नागरिक सु फाइ और उसकी महिला मित्र नागालैंड निवासी पेटेख रेनुओ ने दी थी।

पनाह देने वालों को बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने पकड़ा तो पता चला कि अवैध रूप से सु फाइ भारत में रह रहा था। उसका वीजा वर्ष 2020 में ही समाप्त हो चुका था।

साथ ही सु फाइ के कब्जे से भारतीय पासपोर्ट बरामद हुआ था, जो देश की सुरक्षा में संदेह लगा रहा था। वह घरबरा में चीनी नागरिकों के लिए एक ऐसा अवैध अड्डा चला रहा था जहां बार, पब, कैसिनों, स्पा समेत कई अन्य मनोरंजन के साधन एक साथ ही मौजूद थे।

Share