मामा के घर मिला फांसी के फंदे से लटका भांजा, माता-पिता के बीच सालों से चल रहा है विवाद

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (11/06/2022): बिसरख कोतवाली क्षेत्र जलालपुर गांव में किशोर का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला है। बता दें कि किशोर के माता-पिता के बीच लंबे समय विवाद चल रहा था। वह अपने मामा के यहां रहता था।

किशोर के पिता ने अपने बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतक के पिता अमित कुमार ने बताया कि उनका पत्नी से विवाद है। पत्नी करीब 7 साल के दो बच्चों को लेकर अपने मायके में रह रही है। उसके बेटे दक्ष (10) उर्फ लकी को बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी जलालपुर गांव में ले गई। जलालपुर में भी पत्नी के मायके वालों का मकान है।

मृतक के पिता का कहना है कि जब वह वहां पर पहुंचा तो बेटे का शव फर्श पर था। मृत्यु के कई घंटे बाद उसे सूचना दी गई।

आगे उसने बच्चे के शरीर में सिर पर चोट के निशान भी होने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की।

बिसरख कोतवाली प्रभारी उमेश बहादुर का कहना है कि किशोर का शव फंदे पर लटका हुआ मिला था। घटना के दौरान तक उसकी मां भी वहां मौजूद थी। पिता की शिकायत पर जांच की जा रही है।

Share