7 मार्च को विजय सिंह पथिक की स्मृति में ‘गंगा जमुनी कवि सम्मेलन’ होगा आयोजन

 

महान स्वतंत्रता सेनानी, कवि, लेखक और पत्रकार स्वर्गीय विजय सिंह पथिक की स्मृति में, पथिक विचार केंद्र के द्वारा आगामी 7 मार्च को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित आईआईएमटी कालेज में एक ‘गंगा जमुनी कवि सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा।  इस कवि सम्मेलन में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कई बड़े कवि और शायर भाग लेंगे। इस अवसर पर पदम श्री अशोक चक्रधर का नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। लोक गायक ब्रह्मपाल नागर को भी सम्मानित किया जायेगा।

 

पथिक विचार केंद्र के संयोजक राजकुमार भाटी ने बताया कि विजय सिंह पथिक स्वतंत्रता सेनानी और किसान सत्याग्रही होने के साथ-साथ एक महान कवि भी थे। उन्होंने 32 पुस्तकें लिखीं। उनका लिखा महाकाव्य ‘प्रहलाद विजय’ हिंदी साहित्य की अमूल्य धरोहर है। ग्रेटर नोएडा में विगत 15 वर्षों से उनकी स्मृति में गंगा जमुनी कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाता है।

 

आयोजन समिति के सदस्य व वरिष्ठ कवि ओम रायजादा ने बताया कि इस कवि सम्मेलन में राष्ट्रीय कवि उदय प्रताप सिंह, पदमश्री अशोक चक्रधर, वरिष्ठ गीतकार विष्णु सक्सेना, हास्य व्यंग के कवि सुदीप भोला, मशहूर शायरा मुमताज नसीम और गीत गजल के सशक्त हस्ताक्षर गुणवीर राणा आदि कवि सम्मिलित होंगे। कवि सम्मेलन 7 मार्च रविवार के दिन दोपहर 2 बजे से 6 बजे के बीच नॉलेज पार्क स्थित आईआईएमटी कालेज में होगा।

Share