ग्रेटर नोएडा : पति से झगड़े के बाद महिला ने ज़हर खाकर दी जान 

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने पति से झगड़ा होने के बाद जहर का सेवन कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। ग्रेटर नोएडा के पुलिस उपाधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि थाना बादलपुर क्षेत्र के वाटिका कॉलोनी में रहने वाली गीता का बीती रात उसके पति मनोज से झगड़ा हो गया था। बाद में महिला ने जहर का सेवन कर लिया।
उन्होंने बताया कि गंभीर हालत में महिला को आज सुबह नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजीव सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि महिला का पति फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। महिला की बेटी ने पुलिस को झगड़े और जहर के सेवन के बारे में बताया।
Share