श्रमिकों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

जिलाधिकारी गौतम बुद्ध नगर बीएन सिंह ने श्रम विभाग के समस्त अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि श्रमिकों की समस्याओं का निस्तारण सभी अधिकारियों के द्वारा तत्काल प्रभाव से किया जाना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी बीएन सिंह विगत दिवस देर शाम अपने कैंप ऑफिस नोएडा के सभागार में श्रमिकों की समस्याओं को लेकर संयुक्त ट्रेड यूनियन के पदाधिकारियों से समस्या जानकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। बैठक में सयुंक्त ट्रेड यूनियन के द्वारा आगामी 16 अक्टूबर से प्रस्तावित हड़ताल को लेकर भी जिला प्रशासन एवं ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारियों के बीच गहनता के साथ विचार विमर्श किया गया। जिसमें जिलाधिकारी ने ट्रेड यूनियनों की जिला स्तर की समस्त समस्याओं का निस्तारण उप श्रम आयुक्त को तत्काल प्रभाव से करने के निर्देश दिए हैं और उनकी जो शासन स्तर की समस्या है उनके संबंध में तत्परता से शासन को लिखने का निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिया। इस पर सभी संयुक्त ट्रेड यूनियन के पदाधिकारियों की सहमति रही, और अब उनके द्वारा आगामी 16 तारीख से प्रस्तावित हड़ताल को वापस ले लिया गया है। जिला अधिकारी ने इस महत्वपूर्ण बैठक में श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि श्रमिकों की समस्याओं का निस्तारण करने के उद्देश्य से बिल्डर एवं अन्य व्यापारियों तथा ट्रेड यूनियन के साथ संयुक्त रूप से प्रत्येक माह समीक्षा करते हुए श्रमिकों की समस्याओं का निस्तारण प्रमुखता के साथ करने की कार्रवाई विभागीय अधिकारियों के द्वारा की जाए। आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन दिवाकर सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर, नगर मजिस्ट्रेट नोएडा शैलेंद्र मिश्रा, अन्य अधिकारीगण, श्रम विभाग के अधिकारियों तथा यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा भाग लिया गया।

Share