अखिलेश यादव ने बताया गौतमबुद्ध नगर को फतह करने का फॉर्मूला, दो डॉक्टरों की टक्कर

टेन न्यूज नेटवर्क

गौतमबुद्ध नगर (19 अप्रैल 2024): गौतमबुद्ध नगर में द्वितीय चरण यानी की 26 अप्रैल को मतदान होना है, इस बाबत चुनाव प्रचार अभियान जारी है। सभी पार्टी के नेता पूरी दमखम के साथ मैदान में उतरे हुए हैं। इसी कड़ी में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर के सिकंदराबाद पहुंचे और जनसभा को संबोधित किया। गौतमबुद्ध नगर में अखिलेश ने समर्थकों से सपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की और भाजपा एवं अन्य विपक्षी पार्टियों पर जोरदार हमला बोला।

अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि, गौतमबुद्ध नगर में दूसरे चरण का चुनाव है, पहले चरण का मतदान जारी है। और जैसी जानकारी मिल रही है कि भाजपा का सफाया हो गया है। अब जनता भाजपा वालों को समझ गई है और उनके घिसे पीटे डायलॉग भी समझ गई है। पिछले दस साल में भारतीय जनता पार्टी की पहचान झूठ और लूट की बनी है। शायद इतना झूठ किसी भी राजनीतिक पार्टी ने नहीं बोला है, जितना भारतीय जनता पार्टी ने पिछले दस सालों में बोला है और यह महसूस हो रहा है कि पूरे ब्रह्मांड में सबसे झूठी पार्टी भारतीय जनता पार्टी है।

आगे उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर डॉक्टर बनाम डॉक्टर की लड़ाई है। लोग कहते थे कि गौतमबुद्ध नगर में आप ( अखिलेश यादव) इसीलिए नहीं जीत रहे हैं क्योंकि आपने अबतक डॉक्टर के बदले कोई डॉक्टर नहीं तैयार किया है। मैं ( अखिलेश यादव) यहां के साथियों को धन्यवाद देना चाहता हूं, कि उन्होंने एक ऐसा डॉक्टर तैयार किया है कि अबकी बार डॉक्टर के मुकाबले में डॉक्टर। मैं जानता हूं कि इस बार सभी लोग यहां पगड़ी और सम्मान के साथ साइकिल की मदद करने जा रहे हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि, जो अपने आप को डबल इंजन की सरकार कहते हैं और जितने बड़े बड़े होर्डिंग पोस्टर लगे हैं किसी पर भी दूसरा चेहरा गायब है। इस बार तो गाजियाबाद से लेकर के गाजीपुर तक सफाया होने जा रहा है।

आगे कहा कि इंडिया गठबंधन इस बार इनके मुकाबले के लिए तैयार है। गठबंधन के लिए बहुत लोग चाहते थे, कुछ लोग कह नहीं पाते थे और मन ही मन रखते थे जबकि समाजवादियों ने आपके मन की बात की है। किसान नेता की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये जानते होंगे कि इन्हें कितना संघर्ष करना पड़ा। सरकार ने सड़क पर गढ़े बनवा दिए और लोहे लगवा दिए लेकिन किसानों को धन्यवाद दूंगा कि आपने संघर्ष किया और सरकार ने तीन काले कानून वापस लिए। अखिलेश यादव ने कहा कि हम किसानों को कहना चाहते हैं कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी तो हम किसानों के लिए MSP लाएंगे। किसान के साथ सरकार को हटाने के लिए नौजवान भी तैयार है। युवाओं ने पढ़ाई की, मेहनत की , ट्यूशन की पढ़ाई की लेकिन प्रदेश में जितनी भी परीक्षा हुई सबमें पेपर लीक हुए। वोटों का गणित समझाते हुए अखिलेश ने कहा कि इस बार सभी लोकसभा सीटों पर 2 लाख 36 हजार वोट भाजपा का कम हुआ है। जिस दल के खिलाफ किसान और नौजवान हो वो सरकार बचेगी कैसे ?, चैनल इलेक्टोरल बॉन्ड के बारे में बताए या ना बताए लेकिन युवा जानता है कि इलेक्टोरल बॉन्ड ने बीजेपी की बैंड बजा दी है। अखिलेश यादव ने आखिरी में कहा कि, इलेक्टोरल बॉन्ड की चर्चा शुरू होते ही भाजपा के कई नेता इलेक्ट्रॉल मांगने लगते हैं।

आपको बता दें कि गौतमबुद्ध नगर में सपा प्रत्याशी डॉ महेंद्र नागर के पक्ष में जनसमर्थन जुटाने के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को गौतमबुद्ध नगर पहुंचे, जहां सपा सुप्रीमो ने विपक्षी पार्टियों पर जोरदार हमला बोला।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी एवं ज़ेवर की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Parichowk.com : ग्रेटर नोएडा न्यूज पोर्टल को प्रतिदिन विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । नोएडा क्षेत्र की  विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज नोएडा यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।

Share