गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों के बीच चुनावी दंगल | जाने प्रत्याशियों के दौलत की जानकारी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (04 अप्रैल 2024): लोकसभा चुनाव 2024 की रणभेरी बज गई है, देशभर में गहमागहमी का माहौल है। राजधानी दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर द्वितीय चरण में मतदान होना है। इस बाबत अबतक कुल 18 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया है। इस कड़ी में मुख्यत: भाजपा प्रत्याशी डॉ महेश शर्मा, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ महेन्द्र नागर और बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी राजेन्द्र सिंह सोलंकी चुनाव मैदान में हैं। तीनों प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल करने के दौरान अपने संपत्ति का ब्योरा दिया है।

बीजेपी प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा और उनकी पत्नी के पास कुल संपत्ति 83.82 करोड़ है। जबकि सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रत्याशी डॉक्टर महेंद्र नागर के पास लगभग कुल संपत्ति 8.76 करोड़ और वहीं बसपा प्रत्याशी राजेंद्र सोलंकी के पास लगभग 8.83 करोड़ की कुल‌ संपत्ति है।

बीजेपी प्रत्याशी डॉ महेश शर्मा की कुल संपत्ति

दाखिल हलफ़नामे के मुताबिक गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा और उनकी पत्नी डॉ. उमा शर्मा के पास करीब 83.82 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति बताई जा रही हैं। जिसमें से डॉ. महेश शर्मा के पास करीब 58.68 करोड़ रुपये की संपत्ति है और उनकी पत्नी के नाम 25.14 करोड़ रुपये की संपत्ति है। सांसद डॉ महेश शर्मा के पास 7 मकान हैं। उनके नाम टोयोटा और फॉरच्यूनर कार है जोकि करीब 40 लाख रुपए की है। वहीं उनकी पत्नी के नाम टोयोटा इनोवा और मारुति जिप्सी गाड़ी है, जिसकी कीमत करीब 30.77 लाख रुपये है। डॉ. महेश शर्मा के पास 4.64 लाख रुपये के जेवरात हैं और उनकी पत्नी के पास करीब 37.07 लाख रुपये के जेवरात हैं। दोनों के पास करीब 44 तोला सोना और 100 तोला चांदी व अन्य जेवरात है।

सपा प्रत्याशी के पास कुल संपत्ति

गौतमबुद्ध लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन से सपा प्रत्याशी डॉ. महेन्द्र नागर के पास कुल संपत्ति 8.76 करोड़ की है और उनकी‌ पत्नी पुष्पा नागर की पास 63 लाख 1 हजार 644 रुपए की संपत्ति है। वहीं डॉ. महेंद्र नागर के पास स्वयं की संपत्ति 3 करोड़ 81 लाख 21 हजार 550 है। जिसमें से जेवरात, वाहन, एलआईसी पॉलिसी, शेयर, बैंक खाता में जमा और नगदी शामिल है।

बसपा प्रत्याशी राजेन्द्र सिंह सोलंकी के पास कुल संपत्ति

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से बसपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह सोलंकी के पास करीब 8.83 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। जिसमें स्वयं की 5.78 करोड़ की संपत्ति है और जबकि उनकी पत्नी के पास 3.05 करोड़ की संपत्ति है। साथ ही बसपा प्रत्याशी राजेन्द्र सिंह सोलंकी को पेंशन भी मिलती है जिसके द्वारा उनकी वार्षिक आय 3.46 लाख है और पत्नी की वार्षिक आय 12.60 लाख की है। दोनों के पास कोई जेवरात नहीं है और केवल एक कार है।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर प्रमुख दलों के प्रत्याशी के रूप में बीजेपी प्रत्याशी सांसद डॉ महेश शर्मा, सपा प्रत्याशी डॉ महेन्द्र नागर और बसपा‌ प्रत्याशी राजेन्द्र सिंह सोलंकी मैदान में हैं और तीनों ही करोड़पति प्रत्याशियों की श्रेणी में आते हैं।।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी एवं ज़ेवर की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Parichowk.com : ग्रेटर नोएडा न्यूज पोर्टल को प्रतिदिन विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । नोएडा क्षेत्र की  विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज नोएडा यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।

Share