भाभी ने रची नाबालिग ननद की शादी की साजिश , पुलिस ने किया गिरफ्तार तो बताया पूरा मामला

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (29 नवंबर 2023): थाना ईकोटेक-3 से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना इकोटेक-3 पुलिस ने नाबालिग लड़की को साजिश के तहत शादी के लिए बहला-फुसलाकर ले जाते समय एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। नाबालिक की जबरदस्ती शादी करने में किशोरी की भाभी और उसके रिश्तेदार भी शामिल हैं।

थाना ईकोटेक-3 पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात को दरोगा कृष्ण कुमार तोमर क्षेत्र में गस्त पर थे कि तभी सूचना मिली कि सीएनजी पंप के पास कुछ लोग एक किशोरी को जबरन कार में ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची किशोरी को जबरदस्ती ले जाने वाले से मुक्त कराया। पुलिस को 17 वर्षीय किशोरी रागिनी (काल्पनिक नाम) ने बताया कि वह दिल्ली की रहने वाली है और पूर्व में उनके माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। माता-पिता की मृत्यु के बाद वह अपने भाई दिलखुश व भाभी सलोनी के साथ गुड़गांव में रह रही है। उसकी भाभी सलोनी अपने दोस्त पवन ठाकुर और चांदनी शर्मा के साथ मिलकर साजिश करके उसकी शादी जबरदस्ती जयदेव से करवाना चाह रही है। इसलिए उसकी शादी करने के लिए वह उसको जबरदस्ती कार में ले जा रहे थे।

आगे पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार बबीता शर्मा ने बताया कि जयदेव उसके पास ही रहता है और उसकी शादी नहीं हुई है। और जयदेव की शादी करवाने के लिए बबीता ने अपने भाई की साली चांदनी शर्मा (किशोरी की भाभी) से बात की। फिर चांदनी शर्मा के दोस्त पवन ठाकुर के साथ मिलकर रागिनी और जयदेव की शादी की बात चलाई। फिर ये लोग आगरा से गाजियाबाद आए और रागिनी को दिखाने के बाद चिपियाना में जयदेव की शादी के संबंध में कुछ रस्म पूरी हुई। फिर शादी में फेरों के लिए आगरा का स्थान तय किया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी रागिनी को कार में आगरा ले जा रहे थे। लेकिन तभी सीएनजी पंप पर रागिनी ने शोर मचाना शुरू कर दिया फिर मौके पर लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी और तुरंत पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रागिनी को आरोपी से मुक्त कराया और मौके से जयदेव, अजय व बबीता शर्मा को गिरफ्तार किया और साथ पुलिस इस मामले में आरोपी भाभी सलोनी व पवन ठाकुर सहित सात लोगों के खिलाफ अपहरण व साजिश रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।।

Share