केवट एवं मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के बीच के संवाद सुन भावुक हुए दर्शक | श्री धार्मिक रामलीला

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (21 अक्टूबर 2023): श्री धार्मिक रामलीला कमेटी के तत्वाधान में गोस्वामी सुशील जी महाराज के दिशा निर्देशन में रामलीला का मंचन राजस्थान के सर्वश्रेष्ठ कलाकारों के द्वारा किया जा रहा है। रामलीला में शुक्रवार 20 अक्टूबर को मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया व ज़िलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी उपस्थित रहे।

रामलीला मैदान ऐच्छर पाई सेक्टर में श्री धार्मिक रामलीला द्वारा की जा रही रामलीला मंचन में भगवान के वनवास में जब केवट भगवान को नाव पर इसलिए नहीं चढ़ने दे रहा था कि भगवान के चरणों के स्पर्श होते ही माता अहिल्या पत्थर से स्त्री बन गई थी कहीं हमारी नाव के साथ कुछ ऐसा हो गया तो केवट के जीविका का क्या होगा और यह सब करने के पीछे सिर्फ भगवान के चरण धोने और आशीष पाने का जो प्रेम और संकल्प केवट ने प्रस्तुत किया उसे देखकर सभी भक्त आत्म विभोर हो गए।

भगवान श्री राम का ऋषियों के साथ मिलना सभी भक्तों को यह शिक्षा देता है कि अगर ईश्वर के प्रति आस्था सुदृढ़ है तो आप कहीं भी रहेंगे ईश्वर आपसे मिलने आपके पास स्वयं पहुंच जाएंगे। चित्रकूट में जिस तरीके से भगवान श्री राम से भैया भरत का मिलन होता है उस दृश्य ने भाइयों के बीच के प्रेम की पराकाष्ठा से पूरे परिसर में प्रेम का संचार कर दिया। पंचवटी में भगवान श्री राम ने अपना निवास स्थान बनाया और वहां पर सुपर्णखा के नाक काटे जाने के दृश्य ने सभी भक्तों को यह संदेश दिया कि पराई स्त्री या पराये पुरुष के प्रति मन में गलत भाव रखने का परिणाम हमेशा गलत होता है। माता सीता के हरण के दृश्य ने सभी भक्तों को यह संदेश दिया कि आपके द्वारा लिया गया धर्म विरोधी निर्णय आने वाले समय में आपके पतन का कारण बन सकता है। सभी भक्तों ने कथा का भरपूर आनंद लिया और भगवान श्री राम के उद्घोष से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक गोश्वामी सुशील जी महाराज, राजकुमार नागर, शेर सिंह भाटी, संरक्षक हरवीर मावी, प्रदीप शर्मा, बालकिशन सफ़ीपुर, सुशील नागर, अध्यक्ष आनन्द भाटी, महासचिव ममता तिवारी, कोषाध्यक्ष अजय नागर, मिडिया प्रभारी धीरेंद्र भाटी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष उमेश गौतम सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।।

Share