युवा पीढ़ियों को रामलीला अवश्य देखना चाहिए: डॉ राकेश कुमार, चेयरमैन, इंडिया एक्सपो मार्ट | श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (19 अक्टूबर 2023): ग्रेटर नोएडा साइट -4 में श्री रामलीला कमेटी द्वारा भव्य विजय महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की लीला के तीसरे दिन का मंचन गणेश वंदना के साथ शुभारंभ हुआ। उक्त प्रांजल अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में इंडिया एक्सपो मार्ट के चेयरमैन डॉ राकेश कुमार उपस्थित रहे। श्री रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह ने बताया कि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित इंडिया एक्सपो मार्ट के चेयरमैन डॉ राकेश कुमार, मशहूर लोकगीत एवं रागिनी गायक ब्रह्मपाल नागर, किसान नेता पवन खटाना ने दीप प्रज्ज्वलित कर लीला के मंचन का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित इंडिया एक्सपो मार्ट के चेयरमैन डॉ राकेश कुमार ने कहा कि मैं श्री रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा से 2006 से जुड़ा हुआ हूं। 2006 में इंडिया एक्सपो मार्ट की स्थापना भी हुई। श्री रामलीला कमेटी के सभी लोग बधाई के पात्र हैं। अपने लिए तो सभी लोग काम करते हैं, लेकिन अपने काम से समय निकालकर समाज को वास्तव में सकारात्मक दिशा देने वाला ये काम ऐसा है जो पशु और मनुष्य दोनों में भिन्नता बताता है। पशु भी रोज अपना आहार खाता है, जुगाली करता है और सो जाता है। फिर अगले दिन वही करने लगता है। मनुष्य में इतना ही अंतर है कि वो सामाजिक प्राणी है। समाज के प्रति उसका कुछ कर्तव्य है और समाज के लिए उसे कुछ करना चाहिए। ऐसी सोच मनुष्य की हमेशा रहती है।‌ आगे उन्होंने कहा कि आज हमारी युवा पीढ़ी पश्चिमी सभ्यता की ओर आकर्षित हो रही है, संयुक्त परिवार खत्म हो रहे हैं। लोगों में धार्मिक जागरूकता कम है। देश की संस्कृति व सभ्यता और धर्म को बचाने के लिए हमें समाज में समय-समय पर धार्मिक कार्यक्रम करते रहना चाहिए। हमें अपनी संस्कृति पर गर्व महसूस करना चाहिए। आज के साइंस में मिसाइल और बम के बारे में दुनिया के लोग आज सोच रहे हैं। हमारी रामायण में पहले ही बताया गया है सूर्य और चंद्र के बारे में। दुनिया के बड़े वैज्ञानिक ने भी भगवत गीता को पहले पढ़ा है। आज भी नासा में भगवत गीता को पढ़ाया जाता है। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था को देखकर आयोजन समिति की खूब प्रंशसा की और कहा कि हम सबको श्री राम के चरित्र को अपने जीवन में अपनाना चाहिए और आने वाली पीढ़ी को रामलीला जैसे कार्यक्रम जरूर देखना चाहिए।

कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि सुन्दर लीला में श्री राम और लक्ष्मण ऋषि विश्वामित्र के आश्रम में आश्रम वासियों की पीड़ा सुनते हैं। जनक का दूत आश्रम में आता है, ऋषि विश्वामित्र को जनक का निमंत्रण देता है। फिर ऋषि विश्वामित्र, श्री राम और लक्ष्मण जनकपुर को प्रस्थान करते हैं। जनकपुर जाते हुये मार्ग में गौतम ऋषि की पत्नी अहिल्या का उद्धार भी करते हैं और विश्वामित्र संग दोनों भाई जनकपुर में राजा जनक के विश्राम गृह में पहुँचते हैं और राजा जनक उनसे मिलने आते हैं तत्पश्चात दोनों भाई गुरु विश्वामित्र से आज्ञा पाकर जनक बाजार में घूमते हैं और जनक पुर के बाजार का आनंद लेते हैं। फिर दोनों भाई संध्या पूजन के लिये पुष्प लेने वाटिका में जाते हैं।
वाटिका में माता सीता भी सखियों के साथ गौरी पूजन के लिए वाटिका में आती है और वाटिका में दोनों की मुलाकात होती है और माता सीता गौरी माता का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करती है।

मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताय कि आज 19 अक्टूबर को बहुत सुन्दर लीला मंचन होगा। जिसमें धनुष यज्ञ, सीता स्वयंवर, लक्ष्मण- परशुराम संवाद, जनकपुर में बारात का स्वागत, राम-लक्ष्मण -भरत – शत्रुधन का विवाह, विदाई समारोह आदि लीलाओ का मंचन होगा।

महासचिव विजेन्द्र सिंह आर्य ने बताया कि आज की लीला में नगरवासियों को अद्भुत लीला देखने को मिलेगी। 55 फिट के धनुष को 50 फिट की ऊँचाई पर खण्डित किया जायेगा यह दृश्य देखने लायक होगा।

इस अवसर पर अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह, बिजेन्द्र सिंह आर्य, मनोज गर्ग, सौरभ बंसल, विनोद कसाना, ओमप्रकाश अग्रवाल, कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।।

Share