आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर गौतमबुद्ध नगर सीट पर गरमाई सियासत, जिलाध्यक्ष ने दिए संकेत

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (21/08/2023): आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की सियासी बिसात बिछ गई है। शह-मात का खेल जारी है। आए दिन आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी और एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप की खबरें आती रहती है। इसी कड़ी में गौतमबुद्ध नगर भाजपा के जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित किया और बी.एन सिंह पर जमकर हमला बोला।

बता दें कि आगामी लोकसभा चुनाव में गौतमबुद्ध नगर सीट से गौतमबुद्ध नगर के जिलाधिकारी रहे आईएएस अधिकारी बी.एन सिंह के नामों की हवा बनाई जा रही है। लेकिन भाजपा जिलाध्यक्ष ने इन सभी कयासबाजी पर विराम लगाते हुए अफवाह फैलाने वालों को करारा जवाब दिया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कयासों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट कहा है कि ” अगर राजनीति करनी है तो अपनी सरकारी नौकरी से इस्तीफा दें और फिर राजनीतिक मैदान में उतरे।” साथ ही प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बीएन सिंह के बर्खास्तगी की भी मांग की। जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि पार्टी गौतमबुद्ध नगर सीट पर उस प्रत्याशी को उतारेगी जो राष्ट्रहित में होगा और वर्तमान सांसद डॉ महेश शर्मा काफी लोकप्रिय हैं। वह सदैव जनहित एवं जन कल्याणकारी कार्य करते रहते हैं उम्मीद है कि आगे भी करते रहेंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने दिए संकेत

भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि वर्तमान सांसद डॉ महेश शर्मा पार्टी की पहली पसंद हैं, और जिस तरह गृह मंत्री गौतमबुद्ध नगर आए और वे सांसद डॉ महेश शर्मा के घर गए यह पार्टी आलाकमान का उनपर भरोसा और पार्टी में उनकी अहम भूमिका को दर्शाता है।।

Share