हिंडन नदी के जलस्तर में वृद्धि, जनपद में हाई अलर्ट जारी। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (24जुलाई2023): गौतमबुद्ध नगर में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। यमुना के बाद अब हिंडन नदी के जलस्तर में भी वृद्धि हो गई है। इस बाबत जिला प्रशासन, जन प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता बाढ़ ग्रस्त लोगों की मदद करने में जुटे हैं।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र में पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने अपने निरीक्षण के दौरान डूब क्षेत्र में प्रवास कर रहे समस्त नागरिकों का हालचाल जाना और उन्हें प्रशासन के द्वारा संचालित किए जा रहे शरणालयों में पहुंचने के निर्देश भी दिए।

यमुना एवं हिंडन नदी में जलस्तर बढ़ने के कारण अलर्ट जारी किया गया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में जिला प्रशासन की समस्त अधिकारी तत्काल प्रभाव से एक्शन में आकर अपने अपने स्तर की कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा अपने अपने क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे तथा हिंडन नदी के किनारे डूब क्षेत्र में प्रवास कर रहे नागरिकों को मुनादी के माध्यम से सुरक्षित स्थान पर पहुंचने का आह्वान किया जा रहा है, ताकि बाढ़ आने पर किसी भी परिवार को समस्या उत्पन्न न हो। इस संबंध में जिला प्रशासन के द्वारा डूब क्षेत्र में रहने वाले नागरिकों के लिए चेतावनी भी जारी की गई है।

जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी के द्वारा आज अपने भ्रमण के दौरान डूब क्षेत्रों में पहुंचकर गहन स्थल निरीक्षण किया गया तथा नागरिकों को बाढ़ से बचाव के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने अपने भ्रमण के दौरान पाया की आज प्रशासन द्वारा बनाए गए शरणालयों में 300 व्यक्ति सदर तहसील एवं 150 व्यक्ति दादरी तहसील में पहुंचे हैं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी के प्रवास एवं खानपान की व्यवस्था मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने अपने भ्रमण के दौरान सेक्टर 135 में बनाई गई अस्थाई गौशाला का भी स्थल निरीक्षण किया, जहां पर वर्तमान में 700 से 800 गोवंश रखे जा रहे हैं।

डीएम के भ्रमण के दौरान उनके साथ अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।

Share