सीएम ने की समीक्षा बैठक, विकास कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने के दिए निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (26/06/2023): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को जनपद गौतमबुद्ध नगर के दौरा पर थे। इस दौरान उन्होंने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के कार्यों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जनपद गौतम बुद्धनगर उत्तर प्रदेश का विंडो सिटी है और औद्योगिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जनपदों की श्रेणी में आता है। इसलिए अधिकारियों का दायित्व और अधिक बढ़ जाता है, कि प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं योजनाओं का लाभ लोगों को बिना भेदभाव प्राप्त हो।

आगे मुख्यमंत्री योगी ने प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आज शिलान्यास की गयी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। ताकि लोगों को इन परियोजनाओं का लाभ निर्धारित समय अवधि से प्राप्त हो सके।
वहीं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का पालन किया जाएगा। आम जनमानस तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने पुलिस आयुक्त द्वारा आयोजित प्रस्तुतिकरण का अवलोकन किया।

बैठक में औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, औद्योगिक विकास राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, लोक निर्माण राज्य मंत्री बृजेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।।

Share