फिल्म सिटी के विकासकर्ता कंपनी को जमा करनी होगी मोटी रकम, जानें क्या है पूरा मामला

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (29/09/2022): जब से यमुना प्राधिकरण के क्षेत्र में फिल्म सिटी विकसित होने की घोषणा हुई है, तभी से फिल्म सिटी का विकास करने वाली कंपनी पर सभी की निगाहें टिकी हुई है। लेकिन अब बहुत जल्द इंतजार खत्म होने जा रहा है। क्योंकि अब फिल्म सिटी के विकासकर्ता कंपनी का चयन होने जा रहा है। विकासकर्ता कंपनी का चयन बोली के द्वारा किया जायेगा और 116 करोड़ रूपये से बोली शुरू होगी।

बता दें कि यमुना प्राधिकरण के क्षेत्र सेक्टर-21 में विकसित होने जा रही फिल्म सिटी के विकासकर्ता कंपनियों का चयन बोली द्वारा किया जायेगा। फिल्म सिटी के निर्माण व संचालन के लिए विकासकर्ता कंपनी को 116 करोड़ रूपये से अधिक की बोली लगानी होगी,जबकि निविदा प्रक्रिया में शामिल होने के लिए 144 करोड़ रूपये की सुरक्षा राशि जमा करनी होगी। इसी वर्ष दिसंबर तक विकासकर्ता कंपनी का चयन होने की उम्मीद की जा रही है।

वहीं यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरूण वीर सिंह ने बताया कि फिल्म सिटी में लगभग 7210 करोड़ रूपये की लागत लगेगी। और फिल्म सिटी का विकास तीन चरणों में होगा। जिसके तहत पहले चरण 4 साल और दूसरे व तीसरे चरण को 3 सालों में पूरा किया जाएगा।

Share