गौतमबुद्ध नगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण का लक्ष्य

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (19/09/2022): आगामी 12 नवंबर 2022, शनिवार को गौतम बुद्धनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होने जा रहा है। यह वर्ष 2022 की आखरी राष्ट्रीय लोक अदालत होगी। इससे पहले तीन राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन गौतमबुद्ध नगर में किया जा चुका है। जिसमें लगभग 3 लाख मामलों का निस्तारण किया गया।

जानकारी के लिए बता दें कि राष्ट्रीय लोक अदालत एक ऐसी लोक अदालत/मंच है जहां पर न्यायालय में विवादों/ लंबित मामलों या मुकदमेंबाजी से पहले की स्थिति से जुड़े मामलों का समाधान समझौते से और सौहार्दपूर्ण तरीके से किया जाता है। इसमें दोनों पक्ष के मध्य उत्पन्न हुए विवाद को बातचीत या मध्यस्थता के माध्यम से उनकी आपसी सहमति व समझौते के आधार पर निपटारा किया जाता है।

सचिव, पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर जयहिंद कुमार सिंह ने बताया कि आगामी 12 नवंबर 2022 को गौतम बुद्धनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होने जा रहा है। जिसका लक्ष्य अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण करना है। इसी लक्ष्य के तहत अभी से राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार प्रसार शुरू कर दिया है। और प्रचार प्रसार करने के लिए उत्तर प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रचार प्रसार वाहन उपलब्ध कराया गया है। जो गौतम बुद्धनगर में आगामी आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार प्रसार करेगा।

 

उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के लाभ के बारे में बात करते हुए कहा कि अधिवक्ता/वकील पर होने वाले खर्च नहीं लगता है। न्यायालय शुल्क नहीं लगता है। पक्षकारों के मध्य पर वे विवादों का निपटारा आपसी सहमति और सुलह से हो जाता है। मुआवजा व हर्जाना आदेश के बाद जल्द ही मिल जाता है। यहां तक कि पुराने मुकदमे में लगा न्यायालय शुल्क वापस मिल जाता है। किसी भी पक्ष को दंडित नहीं किया जाता है। लोक अदालत द्वारा पक्षकारों को न्याय आसानी से मिल जाता है। लोक अदालत का निर्णय अंतिम होता है, जिसके खिलाफ किसी न्यायालय में अपील नहीं होती।

साथ उन्होंने लोक अदालत में किस प्रकार के मामलों का निपटारा होता है, उसके बारे में भी जानकारी दी कि दीवानगी संपत्ति मामले, वैवाहिक एवं पारिवारिक झगड़े, दाखिल खारिज भूमि के पट्टे, बेगार श्रम संबंधित मामले, शमनीय प्राकृति के फौजदारी मामले, बैंक ऋण संबंधित मामले, राजस्व संबंधित मामले, भूमि अर्जन से संबंधित मामले और मोटर वाहन दुर्घटना मुआवजा संबंधित दावे आदि मामलों का निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत में किया जाता है।

 

साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यह इस वर्ष की आखिरी राष्ट्रीय लोक अदालत होगी। इसी वर्ष आयोजित 3 राष्ट्रीय लोक अदालतों में लगभग 3 लाख मामलों का निस्तारण सुलभ तरीके से किया गया है।

सचिव, पूर्णकालिक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर जयहिंद कुमार सिंह ने सभी को संदेश देते हुए कहा कि आगामी 12 नवंबर 2022 को गौतम बुद्धनगर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में अपने मामलों का आसानी से निस्तारण कराए।।

Share