त्यौहारों के मद्देनजर एसडीएम जेवर गुंजा सिंह ने की शान्ति समिति की बैठक

Greater Noida : जनपद की  कानून व्यवस्था  एवं शांति व्यवस्था  बनाए रखने  के लिए  जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार प्रयासरत हैं। जिलाधिकारी  बीएन सिंह के निर्देश पर आगामी दीपावली के त्यौहार के मद्देनजर ग्रेटर नोएडा के जेवर थाने मे एसडीएम जेवर गुजां सिंह के द्वारा कस्बे व क्षेत्र के सभ्रान्त नागरिकों के शान्ति समिति की मीटिंग का आयोजन किया गया।
उप जिलाधिकारी जेवर ने सभी सभ्रान्त व्यक्तियों से त्यौहारों पर आने वाली उनकी समस्याओं की जानकारी कर उनका समाधान भी किया। उन्होंने सभी को आगाह किया कि कोई ऐसा कार्य करने की कोशिश ना करें जिससे कस्बे और क्षेत्र का माहौल बिगड़ जाये।
कस्बे व क्षेत्र का माहौल को बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जायेगा। उनके द्वारा सभी गणमान्य व्यक्तियों से पूर्व की तरह ही आपसी प्यार और भाईचारे के साथ दीपावली और अन्य त्यौहारों को शान्ति पूर्वक मनाने की अपील की गयी। कस्बे व क्षेत्र के सभी गणमान्य व्यक्तियों ने भी अधिकारीयों को पूर्ण रूप से आश्वस्त किया कि दीपावाली और अन्य त्यौहारों को पूर्व की भांति शान्तिपूर्ण तरीके और हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा।
उप जिलाधिकारी गुंजा सिंह ने इस अवसर पर सभी संभ्रांत नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि दीपावली के अवसर पर ग्रीन पटाखों का ही प्रयोग करें। मीटिंग मे जेवर कोतवाली प्रभारी अजय कुमार अग्रवाल के अलावा कस्बे व क्षेत्र के सैंकड़ों गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
Share