परी चौक पे गड्ढे में गिरी तीस हजारी कोर्ट के जज की कार , जज गंभीर रूप से घायल

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में परी चौक के पास एक जज की कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। बीती देर रात को हुई इस घटना में जज को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पाठक ने गुरुवार को बताया कि दिल्ली की तीस हजारी अदालत में कार्यरत जज मनीष यदुवंशी बुधवार देर रात को अपनी कार से दिल्ली से ग्रेटर नोएडा जा रहे थे। परी चौक के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर गड्डे में जा गिरी।

उन्होंने बताया कि इस घटना में जज मनीष यदुवंशी को गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर हालत में उन्हें ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Share