ऑटो चालक को रॉड व डंडो से पीटकर किया अधमरा

सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के जुनपत गांव में कुछ लोगों ने विवाद के बाद एक युवक पर हमला कर दिया। लोहे ही राड, सरिया व डंडे से उसकी जमकर पिटाई की। युवक को अधमरा करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। पीड़ितों ने गांव के कुछ दबंग लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। हालांकि, पुलिस ने मामला अभी दर्ज नहीं किया है।

गांव में गोपी उर्फ बॉबी शर्मा रहता है। बृहस्पतिवार को उसका गांव के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद के बाद चार-पांच लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। पिटाई के कारण पीड़ित के सिर व शरीर के अन्य स्थानों पर गंभीर चोट लगी है। आस-पास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने के कुछ देर बाद अस्पताल में घायल के परिजन भी पहुंच गए।

पीड़ित परिजन का कहना है कि अस्पताल वालों ने तत्काल पैसा जमा करने का दबाव बनाया। कुछ देर तक इलाज भी नहीं किया। बाद में इलाज शुरू किया। पुलिस का कहना है पीड़ित व आरोपित ऑटो चालक हैं। विवाद के बाद मारपीट हुई थी। आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के लिए उनके घर पर दबिश दी गई है।

Share