जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न, 152 शिकायतें हुई दर्ज

जनपद की तीनों तहसीलों में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन संपन्न, 152 शिकायतें हुई दर्ज
जनता की समस्याओं का त्वरित गति के साथ निस्तारण संभव कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन आज जिलाधिकारी बीएन सिंह के निर्देशन में जनपद की तीनों तहसीलों में संपन्न हुआ। जहां पर कुल 152 शिकायतें दर्ज हुई और 16 शिकायतों का निस्तारण अधिकारियों के द्वारा मौके पर किया गया। सदर तहसील में उप जिलाधिकारी सदर प्रसून द्विवेदी की अध्यक्षता में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
यहां पर कुल 18 शिकायतें दर्ज हुई और 3 शिकायतों का निस्तारण मौके पर अधिकारियों के माध्यम से किया गया। इसी प्रकार दादरी तहसील में तहसीलदार आलोक प्रताप सिंह के द्वारा तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में जनता की समस्याओं का अनुश्रवण किया गया। दादरी तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में 84 शिकायतें दर्ज हुई जिसके सापेक्ष 9 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया।
इसी प्रकार जेवर तहसील में उप जिलाधिकारी गुंजा सिंह की अध्यक्षता में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां पर कुल 50 शिकायतें दर्ज होने के सापेक्ष चार शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया है। आयोजित तहसील संपूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा गया है कि सभी विभागीय अधिकारियों के द्वारा अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का निस्तारण तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करते हुए उसकी रिपोर्ट तहसील को उपलब्ध करायी जाए। अधिकारियों से यह भी अपेक्षा की गई है कि सभी विभागीय अधिकारियों के द्वारा निस्तारण की रिपोर्ट शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
Share