छठ महापर्व के भव्य आयोजन को लेकर छठ पूजा सेवा समिति ने किया विधिवत भूमि पूजन

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (17 नवंबर 2023): शुक्रवार, 17 नवंबर को नॉलेज पार्क आईईसी कॉलेज स्थित छठ पूजा सेवा समिति द्वारा छठ घाट पार्क-2 में छठ पूजा के उपलक्ष्य में भूमि पूजन किया गया। पूजा समिति अध्यक्ष रामजी पांडेय की उपस्थिति में भूमि पूजन विधि- विधान से संपन्न हुआ। छठ का महापर्व आज शुक्रवार से शुरू हो गया है और 20 नवंबर को उगते सूर्य की उपासना और आस्था के साथ महापर्व का समापन होगा।

ग्रेटर नोएडा छठ पूजा सेवा समिति ने बताया कि छठ पूजा सेवा समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ पूजा का आयोजन का आई.ई.सी. कॉलेज के सामने वाले पार्क में किया जा रहा है। समिति के द्वारा आज छठ पूजा के पहले दिन विधि विधान पूर्वक भूमि पूजन किया गया है। साथ ही पार्क में पूजा के लिए पार्क में घाट पर जल की व्यवस्था की गई है और इसकी साफ सफाई व सुरक्षा व्यवस्था के पूर्ण इंतजाम किए गए हैं। साथ ही लाइट की व्यवस्था भी को गई है। जिसमें कि श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना के समय कोई समस्या ना हो और आज पहले दिन नहाय-खाय से छठ के महापर्व का शुभारंभ हो गया। 20 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ का महापर्व का संपन्न होगा।

बता दें कि लोक आस्था का महापर्व छठ इस बार आज से 17 से 20 नवंबर तक चार दिनों तक मनाया जाएगा। छठ पूजा का पहला दिन आज 17 नवंबर नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। दूसरे दिन 18 नवंबर को खरना, तीसरे दिन 19 नवंबर को संध्या अर्ध्य और चौथे दिन 20 नवंबर को उगते सूर्य को अर्ध्य देंगे। यह पर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में मनाया जाता था। लेकिन अब छठ का महापर्व विश्व पटल पर मनाया जा रहा है। छठ पर्व पर महिलाएं अपने संतान की लंबी उम्र और परिवार की सुख समृद्धि के लिए निर्जला 36 घंटों व्रत रखती हैं। यह एकमात्र ऐसा पर्व है जिसमें उगते हुए सूर्य के साथ डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। और छठ पर्व पर भगवान सूर्य के साथ उनकी बहन छठी मईया की पूजा की जाती है। इस दौरान छठ पूजा सेवा समिति अध्यक्ष रामजी पांडेय, महासचिव मनोज कुमार पांडेय, सचिव पुरुषोत्तम मिश्रा मीडिया प्रभारी सतीश शर्मा, सह सचिव रवीन्द्र साहनी और अन्य सदस्यगण मौजूद रहें।।

Share