बाढ़ से प्रभावित ग्रामों में हरसंभव मदद पहुंचाने में जुटा जिला प्रशासन

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (14/07/2023): लगातार बारिश की वजह से गौतमबुद्ध नगर जिले में और उसके आसपास के एरिया में भी बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। जिले में कई स्थानों पर बाढ़ आने के कारण लोगों को स्थानांतरित किया गया है। उनको जिला प्रशासन द्वारा बाढ से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है, और जहां पर उनके रहने और खाने की पूर्ण व्यवस्था की गई है।

जानकारी के लिए बता दें कि जनपद गौतमबुद्ध नगर में यमुना नदी के समीप स्थित ग्रामों में बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीएम मनीष कुमार वर्मा के नेतृत्व में जिला प्रशासन कृत संकल्पित है। जिला अधिकारी के नेतृत्व में जिला प्रशासन के अधिकारी बाढ़ से प्रभावित ग्रामों के ग्रामीणों को बाढ़ क्षेत्र से सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा कर उनको सभी मूलभूत सुविधाएं एवं खाद्य सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं।

डीएम मनीष कुमार वर्मा ने स्थाई आश्रय स्थलों में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, खानपान, पीने योग्य पानी, साफ सफाई, लाइट, स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं आदि सभी सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर नोडल अधिकारियों को नियुक्त किया है।

इसी क्रम में जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जिला पूर्ति कार्यालय एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम के द्वारा शरणार्थियों में प्रवास कर रहे बाढ़ से प्रभावित परिवारों को खाने के पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही सामग्री के पैकेट उपलब्ध कराए जा रहे हैं।।

Share