सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सपा प्रत्याशी ने किया चुनावी अभियान का आगाज, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (02 मई 2023): गौतमबुद्ध नगर में नगर निकाय चुनाव का बिगुल बज चुका है। सियासी गलियारों में हलचल बढ़ गई है। शह और मात का खेल जारी है। सभी प्रत्याशी अपने अपने सियासी समीकरण को साधने में जुटे हैं। अपने वोट बैंक को बटोरने की जुगत में हैं। इसी बीच दादरी नगर पालिका अध्यक्ष पद पर समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अयूब मलिक ने भी अपने चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है।

रविवार को सपा प्रत्याशी अय्यूब मलिक ने अपने समर्थकों के साथ सम्राट मिहिर भोज डिग्री कॉलेज परिसर में स्थापित सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अपने चुनावी अभियान का आगाज किया। इस दौरान उन्होंने बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर एवं डॉ उमराव भाटी के प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।

बता दें कि पूर्व में भी अय्यूब मलिक बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर दादरी नगर पालिका अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ चुके हैं उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इसबार अयूब मलिक समाजवादी पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं। समाजवादी पार्टी के गौतमबुद्ध नगर जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि ” दादरी गौतमबुद्ध नगर का महत्वपूर्ण शहर होने के बावजूद विकास कार्यों में काफी पिछड़ा हुआ है। चुनाव के समय लोकलुभावन वादे किए जाते हैं लेकिन जमीन पर कोई काम नहीं होता।” आगे उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है।।

Share