गौतमबुद्ध नगर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी है वस्त्र उद्योग: ललित ठुकराल | टेन न्यूज की खास रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (28 मार्च 2024): कपड़ा हमारी मूलभूत आवश्यकताओं में शामिल है। जितना हमारे जीवन के लिए जल जरूरी है उतना ही कपड़ा जरूरी है। चाहे सर्दी हो, गर्मी हो या बरसात हो हम मौसम के अनुरूप कपड़ा पहनते हैं। गौतमबुद्ध नगर में कपड़ा उद्योग के जनक ललित ठुकराल से गौतम बुद्ध नगर के कपड़ा उद्योग की स्थिति एवं संभावनाओं पर टेन न्यूज की टीम ने खास बातचीत की है। ललित ठुकराल, नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर के अध्यक्ष के साथ-साथ महाराणा ऑफ इंडिया कंपनी के अध्यक्ष भी हैं।

Q. आप वस्त्र उद्योग के क्षेत्र में कार्यरत हैं, कई संस्थानों एवं संगठनों से जुड़े हुए हैं। गौतमबुद्ध नगर में आज की तारीख में वस्त्र उद्योग की कितनी यूनिट है और कितने कुशल कारीगर यहां कार्यरत हैं?

उत्तर देते हुए ललित ठुकराल ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर जिले में कपड़ा उद्योग की जो एक्सपोर्ट है वो 40‌ हजार करोड़ की है। वस्त्र उद्योग के लगभग 4 हजार कारखाने हैं और जिससे लगभग 10 लाख लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। हमारा गौतमबुद्ध नगर का दो वर्षों में जो कपड़ा उद्योग का टारगेट है वो 60 हजार करोड़ तक पहुंचने का है। और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने का जो आवाह्न है‌ उसे पूरा करने के लिए हम कार्यरत हैं।

Q. आज के मार्केट वैल्यू के हिसाब से गौतमबुद्ध नगर जिले में वस्त्र उद्योग के क्षेत्र में कितने करोड़ का उत्पादन होता है?

ललित ठुकराल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कपड़ा उद्योग से 40 हजार करोड़ का निर्यात होता है। लगभग 10 हजार करोड़ का डोमेस्टिक माल यहां बनता है। और लगभग 50 हजार करोड़ की यहां पर प्रोडक्शन होती है। 10 लाख के आसपास लोग यहां कार्य करते हैं और इतनी बड़ी वर्क फोर्स कहीं भी नहीं है।

Q. आर्थिक वर्ष 2023-24 के लिए निर्यात का आपका क्या लक्ष्य रहा है, और उसमें कितनी सफलता मिली है?

ललित ठुकराल ने कहा कि आज से 8 साल पहले की अगर बात करें तो हमारे जिले की कपड़े की एक्स्पोर्ट केवल 5 हजार करोड़ की थी। साल 2017-18 के बाद जिले में कपड़ा उद्योग के एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी हुई है। जो अभी तक 40 हजार करोड़ पर पहुंच गई है। साथ ही उन्होंने आर्थिक वर्ष 2024-25 के लिए आपने निर्यात के तय लक्ष्य पर कहा कि आने वाले दो सालों में जिले में वस्त्र उद्योग के निर्यात का लक्ष्य हमारा 60‌ हजार रुपए करोड़ तक पहुंचाना है। उत्तर प्रदेश सरकार की जो नीतियां है उनसे हमें काफी सहयोग मिल रहा है और हमलोग इस क्षेत्र में अच्छा कार्य कर पा रहे हैं।

Q. ODOP जैसी योजनाओं से वस्त्र उद्योग को कितना बढ़ावा मिल रहा है?

जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि ओडीओपी एक जिला एक प्रोडक्ट‌ यह हमारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बहुत बड़ा सपना था जो उन्होंने साकार करके दिखाया। अगर गौतमबुद्ध नगर जिले की बात करें तो इसको ओडीओपी के तहत सिटी आफ अपैरल बनाया है। इसमें सरकार कई तरह की सुविधा देती है। जैसे आप बाहर विदेशों में जाकर एग्जीबिशन लगाते हैं तो टिकट भी मिलते हैं, साथ ही कुछ पैसे भी मिलते हैं। लोकल एग्जिबिशन करने पर आपको 75 प्रतिशत रिटर्न मिलता है। एक छोटे एमएसएमई को कार्य करने के लिए ओडीओपी से जो सहायताएं मिलती है उससे वह अपना कार्य अच्छे और बेहतरीन तरीके से कर सकता है।

Q. गौतमबुद्ध नगर क्षेत्र से कपड़ो का अधिकांश निर्यात दुनिया के किन देशों में किया जाता है?

ललित ठुकराल ने कहा कि हमारे देश का निर्यात अभी बहुत कम है। बांग्लादेश हमसे बहुत आगे है, चीन हमसे बहुत आगे है। तो हम कोशिश कर रहे हैं आगे बढ़ने की, सबसे बड़ी चीज है इंफ्रास्ट्रक्चर की और हमारे यहां इंफ्रास्ट्रक्चर बहुत अच्छा नहीं है। जिसके कारण बड़े-बड़े वायर्स यहां नहीं आते हैं और वह चीन जाते हैं। क्योंकि उनको वहां माल सस्ता मिलता है और भारत का माल उनको थोड़ा महंगा लगता है। लेकिन अब हमारे यहां भी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर काम हो रहा है। अब सरकार ने हमें बहुत सुविधाएं दी है। अभी हम यमुना एक्सप्रेस-वे पर अपैरल पार्क बना रहे हैं। उसके अंदर लगभग 3 हजार लोगों और महिलाओं को रोजगार मिलेगा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर अपैरल पार्क बनाने का कार्य अभी शुरू हो चुका है और 10 से 12 हजार करोड़ की एक्सपोर्ट दो सालों के बाद वहां से शुरू हो जाएगी।

केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार से वस्त्र उद्योग में मिलने वाले सहयोग पर ललित ठुकराल ने कहा कि केंद्र सरकार से भी हमें बहुत सहयोग मिलता है। साथ ही राज्य सरकार से भी हमें बहुत सहयोग मिलता है और उनकी वजह से ही आज कपड़ा उद्योग के क्षेत्र में इतनी बढ़ोतरी हुई है। केंद्र सरकार ने बहुत बड़ा काम किया है, पूरे वर्ल्ड में सबसे बड़ा शो भारत टैक्स भारत सरकार ने शुरू किया है। जिसमें पीयूष गोयल, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री भारत सरकार का बहुत बड़ा योगदान रहा। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत टैक्स का उद्घाटन किया और कहा कि भारत टैक्स के जरिए भारत ने दुनिया को दिखाई है कि भारत के पास क्या क्या संसाधन हैं। अब रास्ता खुल चुका हैं और अगला शो‌ बेहतर और बहुत बढ़िया होगा। आज जब भी कपड़ा उद्योग क्षेत्र में कोई समस्या आती है तो सरकार उसका समाधान निकालती है। अभी एक छोटी सी समस्या बहुत बड़ी बन गई है, कि बांग्लादेश में जो दूसरे देशों का माल बन रहा है।वो सामान बांग्लादेश से ट्रकों में भरकर भारत आ रहा है और भारत से वह माल एक्सपोर्ट हो रहा है। वह माल उनका है और वो उनके यहां का बना हुआ जो माल हमारे देश से जा रहा है। जिससे हमारा फ्रेट 350 रूपए, 450 रुपए से 500 रूपए तक पहुंच चुका है। हमारे जो उद्यमी हैं, हमारे जो ओडीओपी के छोटे-छोटे एक्सपोर्टर है, वो कैलकुलेट फ्रेट 150 या 200 रुपए किलो के हिसाब से कैलकुलेट कर के रखते हैं लेकिन अब उनको 350 से 500 रूपए तक देना पड़ रहा है। जिससे उनकी कमाई तो खत्म हो गई है। हम दूसरों की सहायता करें लेकिन अपने देश के उद्यमियों को बर्बाद ना करें। ऐसा नहीं होना चाहिए। हमने सरकार को इस समस्या से अवगत कराया है और हमें सरकार का पूरा भरोसा है कि वह इसका समाधान जल्द ही करेगी।

टेन न्यूज नेटवर्क की टीम ने गौतमबुद्ध नगर में वस्त्र उद्योग की स्थिति एवं संभावनाओं पर‌ नोएडा अपैरल एक्सपोर्ट क्लस्टर के अध्यक्ष एवं महाराणा ऑफ इंडिया कम्पनी के अध्यक्ष ललित ठुकराल से बातचीत कर ये विशेष रिपोर्ट तैयार की है। हम उम्मीद करते हैं ललित ठुकराल गौतमबुद्ध नगर जनपद में वस्त्र उद्योग को इसी तरह नई ऊंचाइयों पर पहुंचाते रहें। आपको यह खबर कैसी लगी हमारे कमेंट बाक्स में जरूर लिखें।।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी एवं ज़ेवर की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Parichowk.com : ग्रेटर नोएडा न्यूज पोर्टल को प्रतिदिन विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । नोएडा क्षेत्र की  विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज नोएडा यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।

Share