त्रिपुरा जीत में प्रधानमंत्री , गृहमंत्री एवं भाजपा प्रभारी डॉ महेश शर्मा का अहम योगदान

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (02 मार्च 2023): पूर्वोत्तर राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आ गए हैं। त्रिपुरा में भाजपा ने शानदार वापसी की है, जिसके बाद त्रिपुरा में हर्ष और जश्न का माहौल है।

बता दें कि त्रिपुरा में बतौर प्रभारी भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा की अगुवाई में भाजपा की पूर्ण बहुमत की दोबारा सरकार बन गई है। त्रिपुरा में एक बार फिर से भाजपा की वापसी पर कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। भाजपा की वापसी पर त्रिपुरा में पार्टी दफ्तर पर जश्न मनाया जा रहा है। इस खुशी में सभी कार्यकर्ता राज्य के प्रभारी व गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डा. महेश शर्मा के साथ जमकर होली खेल रहे हैं।

त्रिपुरा राज्य के प्रभारी व गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद डा. महेश शर्मा ने ट्विट कर जानकारी देते हुए लिखा कि “उत्तर पूर्व राज्यों विशेष तौर पर त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में जनता ने माननीय प्रधानमंत्री @narendramodi के कुशल नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास तथा सुशासन पर मुहर लगायी है।

त्रिपुरा में पार्टी की प्रचंड एवं ऐतिहासिक जीत पर प्रदेश के कार्यकर्ताओ के अथक श्रम को नमन करता हूं।”

बता दें कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में एवं गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, बीजेपी के कद्दावर नेता डॉ महेश शर्मा की अगुवाई में त्रिपुरा में भाजपा की शानदार वापसी हुई है। त्रिपुरा समेत भाजपा खेमे में जश्न का माहौल है।

नोएडा में जश्न का माहौल

प्रधानमंत्री मोदी के कुशल नेतृत्व एवं डॉ महेश शर्मा की अगुवाई में त्रिपुरा में भाजपा की शानदार वापसी के मौके पर नोएडा सेक्टर-29 स्थित पंजाबी क्लब में भाजपा महानगर कमेटी द्वारा सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा त्रिपुरा राज्य प्रभारी डॉ महेश शर्मा का भव्य स्वागत किया गया।इस दौरान भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ महेश शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी की नीति, गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कुशल संगठन शक्ति के कारण ही त्रिपुरा में भाजपा को दूसरी बार सफलता मिली है। होली के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आशा है कि होली सभी के जीवन में रंग और प्रेम का बहार लेकर आए।

बता दें कि होली मिलन समारोह एवं स्वागत कार्यक्रम में नोएडा के समजासेवी संस्थानों ने डॉ महेश शर्मा का स्वागत किया। कार्यक्रम में नोएडा महानगर के महामंत्री उमेश त्यागी, महामंत्री गणेश जाटव, महामंत्री डिंपल आनंद वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष शर्मा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।।

Share