सूरजपुर दादरी मुख्य मार्ग पर गड्ढों से परेशान लोगों का अनूठा विरोध, चारपाई डाल किया हव न!

आशीष केडिया

(27/02/2018) ग्रेटर नॉएडा : मुख्यमंत्री योगी के कमान सँभालने के बाद से ही प्रदेश सरकार ने सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान छेड़ा हुआ है। कुछ माह पूर्व जिला प्रसाशन की तरफ से भी सभी निवासियों से इस सम्बन्ध में ब्यौरा माँगा गया था और कई सम्बंधित समस्याओं का त्वरित निवारण करते हुए गौतम बुद्ध नगर में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के अभियान को बेहद सफल बताया गया था। हालाँकि इस अभियान के कुछ समय पश्चात ही सड़कों पर उभरे बड़े-बड़े गड्ढे लोगों की असुविधा का कारण बने हुए हैं।

ऐसा ही कुछ दुर्भाग्यपूर्ण हाल है दादरी – सूरजपुर मुख्य मार्ग का जहाँ से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। विशाल गड्ढों में पानी भरे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को इस सड़क से गुजरने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। पास लगे इलाकों में बड़ी संख्या में इंडस्ट्रीज होने के कारण यहाँ आवागमन लगातार लगा रहता है और आम जनता समेत कंपनी मालिकों, कर्मचारियों, कामगारों को भी इन खस्ताहाल सड़कों से होकर प्रतिदिन गुजरना पड़ता है।

मंगलवार को इस समस्या से पीड़ित लोगों ने विरोध करने का अनूठा तरीका अपनाया। निवासियों ने गड्ढे के पास ही चारपाई डाल , इस सड़क के ठीक हो जाने के लिए हवन किया। पोस्टर्स ले कर बैठे लोगों ने सम्बंधित अधिकारी का नाम और नंबर भी गड्ढे से लगे खम्बे पर चस्पा किया हुआ है।

लोगों का आरोप है की कई दिनों से लगातार अवगत कराने के बावजूद इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है और वह दिन ब दिन बढ़ती जा रही है।

Share