चुनाव प्रचार थमा, प्रथम चरण के लिए ज़िले में वोटिंग कल

चुनाव प्रचार थमा, प्रथम चरण के लिए ज़िले में वोटिंग कल
#Loksabha2019 : गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के लिए मंगलवार को प्रचार का अंतिम दिन था। प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों ने खूब जोर आजमाइश की। भाजपा ने नोएडा में रोड शो निकाला। सपा-बसपा गठबंधन और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने भी प्रचार के अंतिम दिन अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया। अब प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर वोट मांगने की रणनीति बनाई है। प्रचार में जहां नहीं आ सके, अब वहां पर जाना उनकी प्राथमिकता है। .
नामांकन के बाद मैदान में उतरे सभी 13 प्रत्याशियों ने प्रचार अभियान को तेज किया था। प्रचार का यह सिलसिला मंगलवार शाम छह बजे थम गया। आखिरी दिन प्रत्याशियों ने जमकर चुनाव प्रचार किया। इसके बाद प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ बैठकर आगे की रणनीति बनाई। अब लोगों की नजर सोसायटी में रहने वाले लोगों और ग्रामीणों पर टिक गई है। अब प्रत्याशी जनसभा तो नहीं कर सकते, लेकिन घर-घर जाकर वोट जरूर मांग सकते हैं। अब नाराज लोगों से मिलकर उनको मनाने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा के समर्थन में विधायक पंकज सिंह ने नोएडा में रोड शो निकाला। ग्रेटर नोएडा में जनसभा की। इसके अलावा उनकी टीम शहर से लेकर गांवों तक प्रचार में जुटी रही। अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया गया।
सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी सतवीर नागर ने मंगलवार को दादरी, बील अकबरपुर, चिटहरा, नई बस्ती आदि में सभाएं करके अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया। सभाओं में लोगों को अपनी प्राथमिकताएं गिनाईं।
कांग्रेस प्रत्याशी अरविंद सिंह ने भी प्रचार के अंतिम दिन दादरी क्षेत्र में जोर लगाया। उन्होंने दादरी क्षेत्र के ब्रह्मपुरी, कालका मंदिर, घनश्याम बाजार, पंजाबी मोहल्ला, कटरा रोड, चांद मस्जिद समेत विभिन्न स्थानों में जनसंपर्क किया।
चुनाव आचार संहिता का पालन कराने के लिए टीमें सक्रिय हो गई हैं। चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद आचार संहिता के उल्लंघन की गुंजाइश बढ़ जाती है। यदि कोई दल का प्रत्याशी जनसभा करता है तो कार्रवाई होगी।
Share