ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सड़क पर देखा गया तेंदुआ, लोगों में भय का माहौल

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सड़क पर देखा गया तेंदुआ, लोगों में भय का माहौल
ग्रेटर नोएडा की सड़क पर बुधवार रात को एक तेंदुए को देखकर राहगीरों में सनसनी फैल गई।  ग्रेटर नोएडा में स्टेलर जीवन सोसाइटी के पास रात को कुछ राहगीरों ने कार और रोड लैंप की रोशनी में तेंदुए को सड़क पार करते हुए देखा।
जल्द ही यह सूचना नोएडा एक्सटेंशन की रेजिडेंशियल सोसाइटीज के वॉट्सऐप ग्रुप पर फैल गई। कुछ लोगों ने इस मामले पर ट्वीट करके उत्तर प्रदेश पुलिस को भी जानकारी दी। जिस सड़क पर यह तेंदुआ देखा गया, उस सड़क पर अमूमन आधी रात तक ट्रैफिक रहता है।
रात करीब आठ बजे यह तेंदुआ सड़क पार करता हुआ दिखाई दिया। यह तेंदुआ सड़क के किनारे चल रहे नाले के ऊपर बने पुल से गुजर रहा था।
एक ट्विटर यूजर ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और फोटो के साथ ट्वीट किया कि सड़क पर तेंदुआ देखा गया है। इस पर पुलिस की ओर से तुरंत प्रतिक्रिया मिली।
मामले की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस के ट्विटर हैंडल से नोएडा पुलिस को ट्वीट करके कहा गया कि मामले को देखें। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस के कंट्रोल रूम से जानकारी दी गई कि पुलिस की मदद मौके पर पहुंच रही है।
Share