जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न, 188 शिकायते हुई दर्ज, 18 का कराया गया निस्तारण

जनपद की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस संपन्न, 188 शिकायते हुई दर्ज, 18 का कराया गया निस्तारण
जनता की शिकायतों के जल्द निस्तारण के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महत्वपूर्ण कार्यक्रम संपूर्ण समाधान दिवस आज जनपद की तीनों तहसीलों में संपन्न हुआ। जिसमें कुल 188 शिकायतें दर्ज हुई और 18 शिकायतों का निस्तारण अधिकारियों के माध्यम से मौके पर ही सुनिश्चित किया गया। दादरी तहसील में मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह के द्वारा जनता की समस्याओं को सुना गया।
यहां पर कुल 106 शिकायतें दर्ज हुई और 12 शिकायतों का निस्तारण मौके पर कराया गया। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर दादरी तहसील में स्वास्थ्य विभाग के तत्वाधान में दिव्यांग जनों को प्रमाण पत्र जारी करने के उद्देश्य से कैंप का भी आयोजन किया गया, जहां पर दिव्यांग जनों को प्रमाण पत्र जारी करते हुए वितरण किए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार का यह बहुत ही महत्वपूर्ण कार्यक्रम है।
अतः समस्त अधिकारियों द्वारा इसे बहुत ही गंभीरता के साथ लेकर जनता की समस्याओं का समयबद्धता के साथ निस्तारण करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें ताकि सरकार के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का सीधा लाभ जनता को प्राप्त हो सके। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का संचालन तहसीलदार आलोक प्रताप सिंह के द्वारा किया गया। दादरी तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में जिला स्तरीय अधिकारियों के द्वारा प्रतिभाग किया गया। इसी प्रकार सदर तहसील में संजय मिश्रा तहसीलदार के द्वारा जनता की समस्याओं को सुना गया।
यहां पर कुल 17 शिकायतें दर्ज हुई और दो शिकायतों का निस्तारण मौके पर संपन्न हुआ। इसी प्रकार जेवर तहसील में कुल 65 शिकायतें दर्ज हुई और 4 का निस्तारण मौके पर कराया गया।
Share